बच्चे के हाथ में फटा चायनामेड मोबाइल
भास्कर संवाददाता - इंदौर
गेम खेलते वक्त आठ साल के बच्चे के हाथ में चायनामेड मोबाइल फट गया। इससे हथेली छलनी हो गई और चेहरे पर भी घाव हो गया। मोबाइल के टुकड़े उसकी आंखों में भी लगे। देवास के उदय नगर निवासी इस बच्चे को इंदौर के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी अंगुली काटी जा सकती है।
महेश शिवदेह ने बताया सोमवार शाम साढ़े सात बजे पत्नी पार्वती और वे खाना खा रहे थे। छठी में पढऩे वाला बेटा अरिहंत उर्फ आर्यन दूसरे कमरे में पढ़ाई कर रहा था। वहीं पर चायना कंपनी का मोबाइल चार्ज हो रहा था। कुछ देर में बम फटने की आवाज आई। पार्वती दौड़कर कमरे में पहुंची तो आर्यन की हथेली फटी हुई थी और वह चिल्ला रहा था। कमरे में मोबाइल के टुकड़े और खून फैला था। यह देख पार्वती चीखीं तो महेश भी उधर दौड़े। बेटे को अस्पताल ले गए तो डॉक्टरों ने इंदौर ले जाने का कहा। इस पर उसे इंदौर लेकर आए।
चार्जर हटाते ही फटा- आर्यन ने बताया वह मोबाइल में गेम खेल रहा था। चार्जर की पिन निकालते ही मोबाइल फट गया।
काटना पड़ सकती है अंगुली
॥बच्चे की हथेली की हड्डियां और मसल्स बुरी तरह डैमेज हुई है। अंगुलियों में खून का फ्लो कम हो गया है। सबसे ज्यादा असर हाथ की पहली अंगुली में हुआ है। उसे ऑब्जर्वेशन में रखा है। एक-दो दिन में चेक किया जाएगा। सुधार नहीं होता है तो अंगुली काटना पड़ेगी।ञ्जञ्ज -डॉ. आशीष अग्रवाल, जनरल सर्जन वेदांत अस्पताल
महेश ने बताया वे छोटे किसान हैं। उनके पास बेटे की दवाई लाने के रुपए न के बराबर हैं। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक से मदद की गुहार लगाई है। महेश ने कहा- कुछ मदद नहीं मिलेगी तो घर-जमीन बेचकर बेटे का इलाज कराना पड़ेगा।
अस्पताल में भर्ती बच्चा।
महेश ने बताया दो साल पहले उन्होंने दुकान से सेकंड हैंड मोबाइल 700-800 रुपए में खरीदा था। कुछ महीने पहले मोबाइल की बैटरी फूल गई थी, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। सोमवार को दो घंटे से मोबाइल चार्जिंग पर लगा था। ज्यादा गर्म होने से फट गया होगा। महेश के पास कंपनी का एक और मोबाइल है, जो खराब हो रहा है। महेश का कहना है कि अब वे मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करेंगे।
इलाज के लिए लगा रहे गुहार
पिता ने मोबाइल से की तौबा