बारिश से गेहूं की फसल हुई आड़ी
7 ग्रिड बैठे बिजली लाइन में फॉल्ट होने से, 9 घंटे तक बिजली सप्लाय हुई प्रभावित
भास्कर संवाददाता - झाबुआ
माघ माह में हुई सावन सी झमाझम ने परेशानी खड़ी कर दी है। खेतों में खड़ी गेहूं की फसलें आड़ी हो गई तो वहीं चने की फसल से फूल झड़ गए। टमाटर व मिर्च की फसल में भी नुकसान की बात कही जा रही है। भारी बारिश के चलते बिजली की लाइन में फॉल्ट हुआ और 7 ग्रिड बैठ गए। इससे नौ घंटे तक बिजली सप्लाय प्रभावित हुई। 24 घंटे में औसत आधा इंच से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई। मंगलवार मध्य रात्रि से शुरू हुई झमाझम बारिश का दौर बुधवार सुबह 8 बजे तक जारी रहा। सुबह जब लोगों की नींद खुली तो चारों तरफ पानी ही पानी हो रहा था। फसलों के लिए कहीं पानी वरदान बनकर बरसा तो कहीं नुकसान कर गया। पारा क्षेत्र के ग्राम खरड़ू बड़ी, खरड़ू छोटी, पिथनपुर, माकनकुई, सेमलिया, पिपलिया आदि स्थानों पर गेहूं की फसल, जिनमें बालियां आ गई थीं वह पूरी तरह आड़ी हो गई। चने की फसल पर असर पड़ा। सूरज पूरे दिन बादलों के बीच अठखेलियां करता रहा।
बारिश से मकान के पीछे का हिस्सा गिरा
बारिश के कारण विवेकानंद कॉलोनी में रहने वाली निर्मला पति स्व. रमेश भूरिया के मकान के पीछे का हिस्सा भी गिर गया। बुधवार को निर्मला ने तहसीलदार को आवेदन सौंप मुआवजा दिलाने की मांग की है। निर्मला ने बताया पिछले वर्ष 23 नवंबर को उसका मकान अचानक गिर गया था, जिसकी सूचना तहसील कार्यालय में देकर आर्थिक सहायता की गुहार लगाई थी लेकिन डेढ़ माह बीतने के बाद भी पटवारी ना तो पटवारी ने पंचनामा बनाया और न ही आर्थिक सहायता की राशि मिली। मंगलवार को हुई बारिश के कारण मकान के पीछे की दीवार भी गिर गई, जिससे काफी नुकसान हुआ है। निर्मला ने पंचनामा बनाकर आर्थिक सहायता दिलाने की मांग तहसीलदार से की है।
असल स्थिति की रिपोर्ट बुलवाई है
॥बारिश से बहुत ज्यादा नुकसान के हालात नहीं है। फिर भी मैदानी क्षेत्र के अधिकारियों से रिपोर्ट बुलवाई है। उसके बाद ही असल स्थिति का पता चलेगा। संभवत: उत्पादन पर असर पड़ सकता है।ञ्जञ्ज
एसएन सेन, उप संचालक, कृषि
एक सिंचाई का पानी बच गया
॥यह बारिश रबी की फसलों के लिए नुकसानदायक कम और लाभ ज्यादा पहुंचाएगी। कुछ जगह चने की फसलों में फूल आ रहे हैं, उन्हें नुकसान हुआ है। बारिश से एक सिंचाई का पानी बच गया। पानी से जहां फसलें आड़ी हुई हैं, मौसम खुलने के बाद वह ठीक हो जाएगी।ञ्जञ्ज
डॉ. आईएस तोमर, वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक, झाबुआ
कुम्हारों की ईंट गली
मेघनगर - बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की समस्या तो बढ़ाई ही है कुम्हारों के लिए भी परेशानी खड़ी कर दी है। मंगलवार और बुधवार सुबह हुई बारिश के कारण कुम्हारों की ईंट गल गई है। भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम प्रजापति ने कुम्हारों की समस्या के संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। जिसमें उन्हें क्षति राशि दिलाने की मांग की है। प्रदेश के खनिज सचिव को भी जानकारी दी गई है। खवासा में भी तेज बारिश हुई।
पेटलावद - पेटलावद सहित आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को खूब पानी गिरा, जिससे किसानों के खेतों में खड़ी गेहूं और चने की फसलों को नुकसान हुआ है। कई जगह गेहूं की फसल झुक गई और अब बारिश से खेतों में पानी भर गया है। इस स्थिति में फसल के सडऩे की आशंका बढ़ गई है।
रुक-रुककर खूब गिरा पानी- बुधवार सुबह 6 बजे से शहर में झमाझम बरसात शुरू हुई, कभी रिमझिम तो कभी थोड़ी तेज बारिश ने लोगो को बिन मौसम भीगने पर मजबूर कर दिया। बारिश साढ़े 11 बजे तक चलती रही। रुक-रुक कर खूब पानी बरसा। दोपहर साढ़े 11 बजे तक बिजली गुल रही।
खेतों में पानी भरने से फसल
सडऩे की आशंका
करड़ावद. बुधवार सुबह 11 बजे तक तेज बारिश होती रही।
व्यवस्था बहाल करने में लगा वक्त
॥भारी बारिश के चलते बिजली लाइन में फॉल्ट हुए। करीब 8-9 घंटे बिजली सप्लाय प्रभावित हुई। फॉल्ट ढूंढने और फिर व्यवस्था बहाल करने में कुछ वक्त लगा।ञ्जञ्ज
बीएम गुप्ता, डीई, विविकं, झाबुआ
बारिश से फॉल्ट हुए, ग्रिड बैठे
भारी बारिश के चलते कई जगह फॉल्ट हो गए, जिससे बिजली सप्लाय प्रभावित हुई। रात करीब 2 बजे उमरकोट व झकनावदा में दो ग्रिड फेल हो गए। झाबुआ टॉउन में 200 केवी का ट्रांसफार्मर जल गया। जिससे तड़के साढ़े चार बजे से पूरा शहर अंधेरे में डूब गया। सुबह 11 बजे बिजली सप्लाय सुचारु हो सकी। इसी तरह थांदला क्षेत्र में 33 केवी लाइन में फॉल्ट हो जाने से थांदला, सुजापुरा, काकनवानी व परवलिया ग्रिड बंद हो गए। जिससे करीब 300 गांवों की सप्लाय बंद हो गई। राणापुर ग्रिड भी दो घंटे तक बंद रहा।
7 डिग्री गिरा दिन
का तापमान
बारिश की वजह से मौसम में ठंडक घुली तो पारा भी लुढ़क गया। दिन के तापमान में 7.2 डिग्री की गिरावट आई। हालांकि बादलों के छाये रहने से न्यूनतम तापमान में 2.5 डिग्री की बढ़ोत्तरी हुई। मौसम वैज्ञानिक इसमें ओर गिरावट आने की बात कह रहे हैं।
तीन विकासखंड में एक इंच
24 घंटों के दौरान झाबुआ विकासखंड में आधा इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई। वहीं मेघनगर, थांदला व पेटलावद विकासखंड में 1-1 इंच बारिश हुई।
24 घंटे में बारिश की स्थिति
ब्लॉक 24 घंटे में
झाबुआ 17.0
थांदला 26.6
पेटलावद 25.2
राणापुर 10.0
मेघनगर 25.0
रामा 2.0
औसत 17.63 मिमी में
पेटलावद. तेज बारसात में छाते का सहारा लेकर बच्चे को पानी से बचाकर ले जाती मां।
माघ में सावन सी झमाझम - मावठे से चने की फसल के फूल झड़ गए, जिले में २४ घंटे में आधा इंच