- Hindi News
- ट्रक कटिंग कर १४ लाख का माल ले उड़े बदमाश
ट्रक कटिंग कर १४ लाख का माल ले उड़े बदमाश
छाबड़ा पेट्रोल पंप पर खड़ा था ट्रक, रात में बदमाशों ने तिरपाल काटकर माल निकाला
भास्कर संवाददाता - झाबुआ
शहर के छाबड़ा पेट्रोल पंप पर खड़े ट्रक की तिरपाल व रस्सी काटकर बदमाश करीब १४ लाख का माल ले उड़े। घटना मंगलवार-बुधवार दरमियानी रात की है। ट्रक मालिक सुभाष छाबड़ा ने बताया २० जनवरी को उनका ट्रक ((एमपी ४५ एमडी ०७८६)) रात करीब 9 बजे आया था। जिसे उन्होंने पेट्रोल पंप पर खड़ा कर दिया। पानी गिरने की वजह से ट्रक से ट्रांसपोर्ट का माल नहीं उतारा। बुधवार सुबह पास ही दूसरे ट्रक को पानी से बचाने के लिए कर्मचारी तिरपाल ढांक रहे तो निगाह पास वाले ट्रक पर पड़ी। उसकी तिरपाल व रस्सी कटी हुई थी। ट्रक में रखा काफी सारा सामान गायब था। श्री छाबड़ा के अनुसार ट्रक में से कपड़े की गठानें, बीड़ी के पैकेट, तेल के डिब्बे, तिल्ली के पैकेट सहित अन्य सामान बदमाश ले उड़े। उन्होंने पूरे ट्रक का सामान भी उलट-पटल कर दिया। बहुत से बारदानों में ब्लेड मारकर देखा कि उनमें क्या सामान भरा है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।
ट्रक के ऊपर की तिरपाल काटकर सामान निकाल ले गए बदमाश।