- Hindi News
- 6 महीने में भी नहीं बने सामान्य राशनकार्ड
6 महीने में भी नहीं बने सामान्य राशनकार्ड
आवेदक परेशान, एसडीएम से की शिकायत
भास्कर संवाददाता - देवास
नियमानुसार सामान्य राशनकार्ड 30 दिन में बनाकर दिया जाता है लेकिन यहां 6 महीने हो गए हैं लेकिन आवेदक को अब तक राशनकार्ड नहीं मिला है। इस मामले की शिकायत पीडि़त ने एसडीएम से की है। इंदिरानगर के दिलशाद पिता अजीज ने बताया उन्होंने स्वयं व अपने भाई ईरशाह का सामान्य राशनकार्ड बनाने के लिए 14 अगस्त 2013 को नगर निगम में आवेदन दिया था। इसके बदले बकायदा 15-15 रुपए की रसीद क्रमांक 39 व 40 भी कटवाई लेकिन आज तक राशनकार्ड नहीं मिला। राशनकार्ड शाखा में लगातार संपर्क कर रहे हैं लेकिन टालमटोल की जा रही है। यहां उपस्थित कर्मचारी एक-दूसरे के पास भेजकर अनावश्यक रूप से देरी कर रहे हैं। दिलशाद ने इस मामले की शिकायत एसडीएम कार्यालय में की। उन्होंने राशनकार्ड बनवाकर देने की मांग करते हुए लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ग्राम पंचायत नहीं करवा रही काम
इधर, ग्राम कराडिय़ा माहोल के ग्रामीणों ने कलेक्टर को शिकायत करते हुए ग्राम पंचायत पर लापरवाही का आरोप लगाया। पुंजीलाल सैंधव, मेहरबानसिंह, लाखनसिंह आदि ने बताया गांव के वार्ड क्रमांक 9 में स्वीकृत सीसी रोड का काम 5 महीने से अधूरा और बंद पड़ा है। मुख्य चौक में हर तरफ गंदगी और कीचड़ हो रहा है। इस स्थान पर अतिक्रमण हटावाकर सीमेंटीकरण सहित नाली निर्माण करने की मांग भी ग्रामीणों ने की।