- Hindi News
- ड्राइवर क्लीनर को बंदी बनाकर कॉपर से भरा ट्रक उड़ाया, झाबुआ में पकड़ा
ड्राइवर-क्लीनर को बंदी बनाकर कॉपर से भरा ट्रक उड़ाया, झाबुआ में पकड़ा
झाबुआ के देवझिरी में पुलिस ने जब्त किया ट्रक, दो आरोपी फरार, बदमाशों के साथी ड्राइवर-क्लीनर को बंदी बनाकर मंदसौर ले गए थे
भास्कर संवाददाता - झाबुआ
गुजरात के भड़ूच की कॉपर फैक्टरी से लगभग १ करोड़ का कॉपर लेकर निकले ट्रक के ड्राइवर-क्लीनर को अज्ञात बदमाश अपहरण कर ले गए। रास्ते में कुछ बदमाश ड्राइवर-क्लीनर को मंदसौर की ओर दूसरे वाहन से ले गए जबकि दो बदमाश ट्रक को इंदौर की ओर ले जाने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस ने ट्रक को देवझिरी नाके के पास पकड़ लिया लेकिन दोनों बदमाश भाग निकले।
पुलिस के अनुसार ट्रक ((आरजे-33-जीए-2054)) चालक कॉपर भरकर जा रहा था। बदमाश उनके पीछे लग गए। गोधरा में एक ढाबे पर उन्होंने ड्राइवर-क्लीनर को भरोसे में लिया और साथ खाना खाया। इस दौरान खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। जब चालक-क्लीनर बेहोश हो गए। उन्हें तीन बदमाश एक जीप में डालकर ले गए और मंदसौर-नीमच की बॉर्डर पर फेंक दिया। उधर दो बदमाश ट्रक लेकर इंदौर की ओर निकल पड़े। रास्ते में उन्होंने ट्रक में लगा जीपीएस सिस्टम हटा दिया। ट्रक मालिक राजेश पाटीदार को जब दाहोद के बाद लोकेशन मिलना बंद हो गई तो उन्होंने झाबुआ पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। पुलिस अधीक्षक एसपी सिंह को भी बताया। उन्होंने शंका जताई कि ट्रक चोरी हो गया है। ऐसे में पुलिस अधीक्षक ने हाईवे मोबाइल को आने-जाने वाले ट्रक की जांच के निर्देश दिए। गुरुवार तड़के करीब चार बजे पुलिसकर्मियों ने ट्रक रोका तो उसमें सवार दो बदमाश ट्रक खड़ाकर भाग निकले।