- Hindi News
- कार्यक्रम तो सफल रहा लेकिन पारदर्शिता से नहीं हुआ काम
कार्यक्रम तो सफल रहा लेकिन पारदर्शिता से नहीं हुआ काम
अंतर इकाई बैडमिंटन प्रतियोगिता की फीडबैक बैठक में यूनियन पदाधिकारियों ने निकाली भड़ास
भास्कर संवाददाता - देवास
बैंक नोट प्रेस देवास की मेजबानी में 13 से 17 जनवरी तक हुई अंतर इकाई बैडमिंटन प्रतियोगिता तो सफल रही लेकिन इसमें पारदर्शिता से काम नहीं हुआ। इस आशय की बात कहते हुए पंजीकृत यूनियन पदाधिकारियों ने अपनी भड़ास निकाली।
अंतर इकाई बैडमिंटन प्रतियोगिता की फीडबैक बैठक बीएनपी में रखी गई। इसमें कारखाना प्रबंधक आई.एल. कटारिया, उप महाप्रबंधक एस. महापात्र, योगेंद्र बगानिया, डी.के. श्रीवास्तव, के.के. गर्ग, ए.के. चौहान, के.एल. गर्ग, सुभाष जोशी, एल.एन. मारू, श्रीकांत बक्षी, बलदेवसिंह पंवार, प्रदीपकुमार सांगते, कार्यसमिति के कमलसिंह चौहान, घनश्याम पंडित सहित करीब 50 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी, पंजीकृत यूनियन पदाधिकारी आदि उपस्थित थे। पंजीकृत यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कार्यक्रम तो व्यवस्थित हुआ इसलिए उसकी प्रशंसा होना चाहिए लेकिन इसमें यूनियन पदाधिकारियों की भागीदारी सही तरीके से नहीं ली गई। अफसरशाही कार्यक्रम में हावी रही।
जिन्होंने काम नहीं किया उन्हें भी मिले ट्रैक सूट
यूनियन पदाधिकारियों ने कहा टीम मैनेजर सहित कई अधिकारी-कर्मचारियों को ट्रैक सूट दिए गए जिन्होंने प्रतियोगिता के लिए कोई काम नहीं किया जबकि वर्कर साइड के स्पोट्र्स सेक्रेटरी तक को यह नहीं दिया गया। पदाधिकारियों ने कहा देवास की मेजबानी में प्रतियोगिता हुई इसलिए कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विरोध प्रदर्शन नहीं किया। इससे देवास की छवि देश की अन्य इकाई में खराब होती। आयोजन के स्वीकृत बजट में मोटरी रकम बची है इसलिए फरवरी में पिछली बार से अच्छा पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया जाए। पदाधिकारियों के विरोध को देखते हुए बीएनपी प्रबंधन के अफसरों ने कहा कि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति नहीं होगी।