आदिवासी व यंग ब्रदर्स अगले दौर में
भास्कर संवाददाता - महू
धारनाका युवा मंच द्वारा आयोजित स्व. राधेश्याम स्मृति जिला फुटबॉल प्रतियोगिता के पांचवें दिन गुरुवार को दो रोमांचक मैच खेले गए। दोनों का फैसला मैदानी गोल से हुआ। मैचों में आदिवासी क्लब इंदौर व यंग ब्रदर्स महू की टीमों ने जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।
शासकीय उमावि प्रांगण में आयोजित प्रतियोगिता का पहला मैच न्यू युनाइटेड क्लब महू व आदिवासी फुटबॉल क्लब इंदौर के बीच हुआ। यह मैच काफी रोमांचक रहा। इस कशमकशपूर्ण मुकाबले में पहले हाफ की समाप्ति तक दोनों की टीमें गोल करने में असमर्थ रहीं। दूसरे हाफ में आदिवासी क्लब के मुकद्दर ने जोरदार मैदानी गोल दागकर टीम को १-० के अंतर से विजय दिलाई। दूसरा मैच यंग ब्रदर्स महू व न्यू स्पोट्र्स फुटबॉल क्लब इंदौर के बीच हुआ। इसमें यंग ब्रदर्स के कीर्ति तिवारी ने मैदानी गोल दागकर टीम को १-० से अगले दौर में प्रवेश कराया।
आज ये मैच होंगे
स्पर्धा के छठे दिन शुक्रवार को दो क्वार्टर फायनल मैच होंगे। पहला मैच ताज फुटबॉल क्लब महू वि. सांईधाम फुटबॉल क्लब कोदरिया तथा दूसरा मैच इंदौर रोड महू वि. गोरखा रेजीमेंट के बीच दोपहर २.३० बजे से खेले जाएंगे।