पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सरदारपुर में चना आकार के ओले, धार में तेज बारिश

सरदारपुर में चना आकार के ओले, धार में तेज बारिश

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता - धार

गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह को लेकर किला मैदान पर शुक्रवार को हुई फाइनल रिहर्सल में अफसरों ने कमियां गिना दी। परेड में कुछ प्लाटून के कदम लडखड़़ाने को मार्क किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी कसावट लाने की हिदायत दी। पीटी को ओके किया। सिटी मजिस्ट्रेट विशालसिंह चौहान, डिप्टी कलेक्टर शाश्वत मीणा, डीईओ अनिल वर्मा, आरआई आरपी चौबे ने पूरी रिहर्सल देखी। जिपं सीईओ श्रीकांत बनोठ ने भी निरीक्षण किया। परेड कमांडर पवन पांडेय के नेतृत्व में परेड की रिहर्सल हुई। इसमें अंत में चल रहे विद्यार्थियों के प्लाटून की गड़बड़ी को सुधारने के लिए। एमिनेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने पीटी का पूर्वाभ्यास बखूबी किया।

देशभक्ति गीतों पर होंगी सात प्रस्तुतियां

सात स्कूल मुख्य समारोह में देशभक्ति गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे। सेंट टेरेसा स्कूल ‘ओरी चिरय्या, नन्ही सी चिडिय़ा’, धार पब्लिक स्कूल ‘सुनो गौर से दुनिया वालो’, सेंट जॉर्ज स्कूल ‘सात समंदर’, मसीही स्कूल ‘ए शुभारंभ ओ शुभारंभ’, गौतम इंटरनेशनल स्कूल ‘गुरु ब्रह्मा, गुरु विष्णु’, पाटीदार स्कूल ‘जय भारत जननी’ और गुरुकुल एकेडमी ‘आरंभ है प्रचंड’ पर प्रस्तुति देगा। सभी प्रस्तुतियों की फाइनल रिहर्सल अफसरों ने देखी।





भास्कर संवाददाता - धार/राजगढ़

लगातार तीसरे दिन जिले में मावठा गिरा। सरदारपुर, राजगढ़ सहित आसपास के अंचल में तेज बारिश के दौरान ओले गिरे। भानगढ़ और एहमद में कई बीघा में खड़ी फसल आड़ी हो गई। गुरुवार रात धार में भी तेज बारिश हुई। मौसम में जबर्दस्त ठंडक घुल गई। शुक्रवार को भी दिनभर बादल छाए रहे, ठंडी हवा चली। किसानों के अनुसार पहले बोई गई फसलों को भारी नुकसान हुआ है। बालियां पकने की स्थिति में थी, ऊपरी सिरा वजनी होने से पानी और हवा के कारण फसलें लेट गई हैं। राजगढ़, भानगढ़, एहमद में कई खेतों में गेहूं की खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा है। इससे दाना कमजोर होने की आशंका है। क्षेत्र में गुरुवार को चना आकार के ओले गिरे। किसानों ने कहा- पिछले साल सोयाबीन को भी भारी नुकसान हुआ था लेकिन न सर्वे ठीक से किया गया, न मुआवजा दिया। भानगढ़ के कालूराम कुमावत ने बताया 25 बीघा में फसल बोई थी लेकिन ओले के कारण 16 बीघा में फसल खराब हो गई। विधायक से इस संबंध में जल्द मुलाकात करेंगे। धन्नालाल कुमावत, शंकरलाल ने बताया गेहूं व चना फसल लगी थी। मावठे के कारण हालात खराब हुए हैं, ऋण चुकाने में दिक्कत आ जाएगी। एहमद के मुन्नालाल कालूराम, अनोखीलाल पाटीदार, मोहन पाटीदार ने कहा सर्वे जल्द कराया जाए। राजगढ़ के मेला मैदान में कीचड़ पसर गया है। आसपास कई स्कूल लगते हैं, ऐसे में बच्चों को आने-जाने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।



कई गांवों में ओले, केसरपुरा-खिलेड़ी क्षेत्र में नुकसान



जिलेभर में मावठा किसानों के लिए मुश्किल बनकर टूटा है। पडिय़ाल, गुणावद, कलसाड़ा खुर्द, पिपल्दा, लेबडग़ांव, करंजवा, बनेडिय़ा, मिर्जापुर में भी तेज बारिश के ओले गिरे। उधर, केशरपुरा में शुक्रवार सुबह के बाद दोपहर में तेज बारिश से गेहूं, चना, लहसुन, टमाटर को नुकसान पहुंचा है। गेहूं की खड़ी फसल कई खेतों में हवा के कारण लेट गई। सुनील राठौड़, आंतेड़ी के गंगाराम, राकेश दनगाया, दशरथ के यहां भी नुकसान है। राकेश ललवंशी के यहां डॉलर चने की फसल पर प्रभाव पड़ा। मुख्यमंत्री के सर्वे के निर्देश के बावजूद राजस्व अमला हरकत में नहीं आया है। उसे अधिकारियों के लिखित निर्देशों का इंतजार है। खिलेड़ी में गुरुवार को तेज बारिश के साथ हवा चली। गेहूं फसल आड़ी पड़ गई। विष्णु पाटीदार ने बताया गेहूं फसल लेट गई। फुलेड़ी के दादूसिंह की भी फसल का नुकसान हुआ है। राधेश्याम पाटीदार ने बताया मावठे व कोहरे से चना फसल में आए फूल जल गए। प्याज, टमाटर, मटर, आलू की फसलें भी प्रभावित हुई। सर्वे की मांग की। पडिय़ाल व आसपास क्षेत्र में मावठे व हवा से फसलें आड़ी हो गई। किसान मोतेसिंह डोडवा, कैलाश डोडवा, धूलसिंह, हीरालाल, हरेसिंह चौहान, मधु मानकर, शोभाराम रणदा, शंकर पावणा आदि ने बताया गुरुवार रात को चना आकार के ओले गिरे। मुआवजे की मांग की। गुणावद सहित आसपास गेहूं व आलू की फसल को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन से सर्वे की मांग की। लेबड़ में गुरुवार रात ओले गिरे। गेहूं व चने की खड़ी फसलों को भारी नुकसान हुआ। किसानों ने सर्वे करवाकर उचित मुआवजा दिलवाने की मांग प्रशासन से की।

बदला मौसम

आसमान से भी आफत - खड़ी फसलें आड़ी हो जाने से दाना होगा कमजोर, अभी भी है बादलों का डेरा