फसलों पर मावठे की मार, ओले भी गिरे
भास्कर संवाददाता - देपालपुर
ठंड के मौसम में पानी का गिरना फसलों के लिए नुकसानदायक साबित हो रहा है।गुरुवार देर रात ठंडी हवाओं के साथ मावठा गिरा और ओले भी।
लगातार बने कोहरे, ओस, धुंध और मावठे से आलू-चने की फसल खराब हो रही है। लहसुन व प्याज में बीमारी लगना शुरू हो गई है। गेहूं की फसल में गेरवा बीमारी की आशंका है। रात में ओले गिरने से ईंट के भट्टे तबाह हो गए। एक सप्ताह में तीन-चार बार मावठा गिर चुका है। मौसम की फसलों की मार से चिंतित किसानों का कहना है बार बार बादल छाने, मावठा गिरने, ओले पडऩे से फसलों को नुकसान हो रहा है। बारिश से आलू-चने की फसल खराब होने की कगार पर पहुंच गई हैं, वहीं गेहूं के बचने की उम्मीद कम ही है। रात में देपालपुर, खेड़ी बरोदा, जलोदिया पंथ आगरा, बनेडिय़ा, अटाहेड़ा, नांदरा सहित कई गांवों में ओले गिरे हैं। किसान प्रकाश पटेल, दयाराम पटेल, गोपाल यादव, जगदीश पटेल ने बताया फसलों पर मौसम का काफी असर है।
कच्ची ईंटें गली
रमेश प्रजापत, मनोहर प्रजापत, गोवर्धन प्रजापत, कन्हैया प्रजापत सहित कई ईंट भट्टों के मालिकों ने बताया लाखों कच्ची ईंटें गल गईं। कई स्थानों पर जमाए गए कच्चे भट्टे बिखर गए। देपालपुर क्षेत्र में चलने वाले 45 से ज्यादा भट्टों पर असर हुआ है।
15 दिन में मेंटेनेंस नहीं तो आंदोलन
अभिभाषक संघ के अध्यक्ष राजेंद्र पटेल ने कहा पूर्व में भी छत का प्लास्टर गिर गया था। संघ ने कई बार पत्र लिखे लेकिन लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। वरिष्ठ अभिभाषक सुभाष पटेल ने भी लोक निर्माण विभाग के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। चेतावनी दी कि 15 दिन में मेंटेनेंस नहीं किया गया तो आंदोलन करेंगे। मोहनदास बैरागी, गोपालकृष्ण नायक, बेणीराम पटेल, दुर्गेश शर्मा, दिलीप वर्मा, मनोज देसाई उपस्थित थे। लोनिवि के इंजीनियर आरके सोनी का कहना है हम तो समय पर काम करना चाहते हैं लेकिन कोर्ट टाइम होने से काम नहीं करने दिया जा रहा है।
कोर्ट रूम में पानी, परिसर में लगी कोर्ट
व्यवहार न्यायाधीश देपालपुर कोर्ट रूम में पानी भर जाने से कोर्ट परिसर में ही लगाना पड़ी। मावठे से कागजात भी गीले हो गए। छत से टपक रहे पानी से कोर्ट का कामकाज बरामदे में निपटाया गया। कोर्ट परिसर की छत का मैंटेनेंस समय पर नहीं होने से गुरुवार रात को ओले व तेज मावठा गिरने से पानी छत पर रुक गया। शुक्रवार सुबह फिर तेज बारिश हुई।