गूंजेंगे देशभक्ति तराने
भास्कर संवाददाता. झाबुआ
गणतंत्र दिवस पर रविवार को जगह-जगह तिरंगा फहराया जाएगा। देशभक्ति तराने गूंजेंगे। मुख्य समारोह शहीद चंद्रशेखर आजाद शासकीय महाविद्यालय खेल मैदान पर होगा।
यहां कलेक्टर जयश्री कियावत ध्वजारोहण करेंगी। शनिवार को भी गणतंत्र दिवस की तैयारियां चलती रही। शिक्षण संस्थाओं में विद्याथर््िायों ने कार्यक्रम रिहर्सल की। गणतंत्र दिवस पर सुबह शैक्षणिक संस्थाओं में ध्वजारोहण होगा। इसके बाद शहर के प्रमुख मार्ग से प्रभातफेरी निकाली जाएगी। तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9 बजे कलेक्टर श्रीमती कियावत मुख्य समारोह में ध्वजारोहण करेंगी। इसके बाद परेड निरीक्षण होगा और कलेक्टर द्वारा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा। ९.२२ पर परेड द्वारा हर्ष फायर व जयघोष किया जाएगा। ९.२५ पर परेड द्वारा मार्चपास्ट किया जाएगा। ९.३५ पर परेड कमांडरों का परिचय होगा। ९.४० पर स्वतंत्रता संग्राम सैनानी व मीसा बंदियों का सम्मान होगा। पौने १० बजे पीटी प्रदर्शन व इसके बाद शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। १०.५० से झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में पुरस्कार वितरण होगा।
स्कूली विद्यार्थी देंगे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति
पेटलावद. गणतंत्र दिवस को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। नगर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी माध्यमिक स्तर पर पीटी प्रदर्शन एवं मार्चपास्ट की तैयारियां की जा रही है। नगर में उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में कार्यक्रम होगा। जिसमें स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। मुख्य कार्यक्रम में विधायक निर्मला भूरिया ध्वजारोहण करेगी। वहीं तहसील में जनपद अध्यक्ष हीरालाल डाबी ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे। इससे पहले होने वाली परेड में पुलिस जवान, एनसीसी छात्र, स्काउट गाइड, रेडक्रॉस का दल शामिल होगा। विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा प्रदर्शनियां भी लगाई जाएगी।
प्रतिभाएं सम्मानित होंगी
मेघनगर. गणतंत्र दिवस पर सुबह साढ़े सात बजे ग्राम पंचायत में सरपंच ज्योति नटवर बामनिया झंडा वंदन करेगी। मुख्य समारोह इस बार प्रात: ९ बजे बस स्टैंड पर होगा। जहां जनपद अध्यक्ष रमेश भाबर ध्वज फहराएंगे। स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अलावा नगर के विभिन्न संगठनों प्रतिभाओं को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा। जपं के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एनएस नायक, सचिव शांतिलाल कतिजा ने आयोजन सफल बनाने का आह्वान किया।
बस स्टैंड क्षेत्र में राष्ट्रीय ध्वज खरीदने के लिए लोगों में उत्साह नजर आया।
गणतंत्र दिवस आज - कॉलेज ग्राउंड पर होगा मुख्य समारोह, कलेक्टर करेंगी ध्वजारोहण