पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सराफा व्यापारी की तलाश में आई भोपाल पुलिस

सराफा व्यापारी की तलाश में आई भोपाल पुलिस

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लूट का कुछ माल आरोपियों ने झाबुआ के बाबेल चौराहा

स्थित भगवती ज्वेलर्स पर बेचा था, व्यापारी हुआ फरार

सराफा व्यापारी नहीं मिला तो उसके रिश्तेदार को ले गई पुलिस।

भास्कर संवाददाता. झाबुआ

भोपाल में हुई एक लूट के मामले के तार झाबुआ से भी जुड़े हैं। आरोपियों ने कुछ आभूषण यहां के व्यापारी को बेचने की बात कबूल की है। मामले में भोपाल पुलिस शनिवार को उस व्यापारी की तलाश में झाबुआ आई। हालांकि सराफा व्यापारी तो नहीं मिला, लेकिन उसके रिश्तेदार को जरूर पूछताछ के लिए झाबुआ कोतवाली ले जाया गया।

बताया जाता है कि भोपाल की इकबाल कॉलोनी में २३ दिसंबर को लूट हुई थी। इस दौरान बदमाश काफी सारे जेवरात भी ले उड़े। पुलिस के हत्थे एक आरोपी लग गया। पूछताछ में उसने बताया कि कुछ जेवरात झाबुआ के सराफा व्यापारी अशोक सोनी को बेचे हैं। शनिवार को भोपाल के अशोका गार्डन थाने के एसआई रूपसिंग ठाकुर के नेतृत्व में टीम झाबुआ में बाबेल चौराहे पर भगवती ज्वेलर्स पर पहुंची। दुकान बंद थी। ऐसे में पुलिस टीम ने चौराहे पर ही

धरना दे दिया। आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की। बाद में अशोक सोनी के रिश्तेदार अनूप सोनी को अपने साथ गाड़ी में बैठाया और पूछताछ के बहाने झाबुआ कोतवाली ले गए।

देर शाम तक उसे थाने पर बैठा रखा था। एसआई ठाकुर बार-बार युवक से यही कह रहे थे कि हमें अशोक सोनी का पता बता दो और माल बरामद करा दो तुम्हें छोड़ देंगे। उधर, युवक अनूप का कहना था वह अशोक का चचेरा भाई है और अलग रहता है। उसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। हालांकि देर शाम को सराफा व्यापारी अशोक सोनी भोपाल पुलिस को मिल गया तो उन्होंने रिश्तदार अनूप को छोड़ दिया।