- Hindi News
- बसों के टाइमिंग में बढ़ाई निगरानी, एक एएसआई व एक जवान तैनात
बसों के टाइमिंग में बढ़ाई निगरानी, एक एएसआई व एक जवान तैनात
भास्कर संवाददाता - धार
इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन के धार-तिरला बायपास पर चिकलिया फाटे के समीप 24 जनवरी की रात बस लूटने की वारदात के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। रात के समय इस रूट पर निकलने वाली बसों की टाइमिंग ले ली गई है। इनके गुजरने के दौरान गश्त बढ़ाने की व्यवस्था की है। एक एएसआई व एक जवान को सिर्फ बायपास पर ही गश्त के लिए तैनात किया है। इसके अलावा थाने की मोबाइल नियमित गश्त करेगी। बायपास पर पुलिस चौकी भी चालू करने की तैयारी है। उधर, लुटेरों को पकडऩे के लिए जारी पूछताछ में सोमवार तक पुलिस द्वारा लगभग 25 संदिग्धों को थाने लाया जा चुका था। इनमें अधिकतर पुराने अपराधी हैं। घटना के समय खेत में सिंचाई आदि के लिए बैठे संभावित किसानों से भी संपर्क साधा हुआ है। बताया जाता है पुलिस को घटना स्थल से बदमाशों की ऐसी वस्तु हाथ लगी है जो वारदात के दौरान छूट गई थी। इसके आधार पर महत्वपूर्ण लिंक मिली है। हालांकि सीएसपी वीएस द्विवेदी का कहना है तफ्तीश में लगे हुए हैं। कई पहलुओं पर जांच कर रहे हैं। गौरतलब है 24 जनवरी की रात 1 बजे इंदौर से झाबुआ की तरफ जा रही डूंगरपुर बस को लूट लिया गया था। बदमाशों ने रांपी गाड़कर बस को पंक्चर किया था। बस रुकने पर पथराव कर 40 सवारियों का सामान भी ले गए थे। इंदौर की द्वारकापुरी कॉलोनी के एक ही परिवार के तीन लोग घायल हुए थे। 25 जनवरी को पुलिस ने घटनास्थल से तीन-चार किमी दूर तिरला तरफ पहाड़ी के समीप नाले से नकदी व आभूषण को छोड़ अन्य सामग्री बरामद कर ली थी।