- Hindi News
- सीएम ने दिया आश्वासन आज से मंडियों में फिर खरीदी
सीएम ने दिया आश्वासन आज से मंडियों में फिर खरीदी
भास्कर संवाददाता - धार
खाद्य सुरक्षा अधिनियम में मंडी व्यापारियों को शामिल करने के विरोध में कृषि उपज मंडी में उपज की खरीदी सोमवार को भी बंद रही। मुख्यमंत्री के आश्वासन पर व्यापारियों के महासंघ ने हड़ताल वापस ले ली है। मंगलवार से खरीदी पुन: शुरू होगी। इसी पुष्टि संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र मोदी ने की। धार मंडी में २४ जनवरी को खरीदी बंद हुई थी। छुट्टी के बाद मंडी खुली जरूर लेकिन खरीदी नहीं हुई। ग्रामीण क्षेत्रों के किसान खरीदी चालू है या नहीं, इसके संबंध में पता करने के लिए चक्कर लगाते दिखे। उधर, प्रशासन ने सुलह बैठक कराने का दावा किया था लेकिन सोमवार तक कोई बैठक नहीं हो सकी। हालांकि कलेक्टर कार्यालय से पत्र खाद्य सुरक्षा विभाग को पहुंचाया है।
उधर सोमवार को नलावदा के हरिराम, निपावल के मोहनसिंह और तुर्कबगड़ी के इशाक भाई मंडी आए थे। उन्होंने बताया देखने आए थे कि मंडी चालू हुई या नहीं। सभी को सोयाबीन बेचना है, जो प्राकृतिक आपदा के चलते दागी है। गौरतलब है ऐसी ही दागी और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित फसलों को लेकर बाधा है। मंडी व्यापारियों का कहना है अधिनियम के मुताबिक मानक स्तर से हल्की उपज बेचते हुए पकड़े जाते हैं तो भारी जुर्माना होगा। जबकि खेतों में ही फसल ऐसी है। उन्होंने मंडी समिति को मानक स्तर का निर्धारण करने के लिए कहा लेकिन मंडी समिति ने प्रावधान नहीं होने की बात कह कर ऐसा कर पाने से इंकार कर दिया। कहा कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम के संबंध में संबंधित विभाग ही कुछ बता सकता है। व्यापारी संघ के मोदी ने बताया महासंघ के प्रदेश पदाधिकारियों की मुख्यमंत्री से चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि अभी लाइसेंस लेने की जरूरत नहीं, प्रधानमंत्री से चर्चा कर समस्या का हल निकालने का आश्वासन दिया। इसी के चलते संघ ने पुन: खरीदी शुरू करने का निर्णय लिया है।