- Hindi News
- व्यापारी के हाथ से चांदी के गहनों की थैली छीनकर भागा बदमाश
व्यापारी के हाथ से चांदी के गहनों की थैली छीनकर भागा बदमाश
युवकों ने दिखाई तत्परता, बाइक छोड़कर बदमाश हुए रफू चक्कर
भास्कर संवाददाता - झाबुआ
कमला नेहरू मार्ग में रहने वाले सराफा व्यापारी ओमप्रकाश सोनी के हाथ से बदमाश चांदी के गहनों से भरी थैली लेकर भागा। हालांकि आसपास मौजूद युवकों की तत्परता से उसे कामयाबी नहीं मिल सकी। उन्होंने पीछा किया तो बदमाश और उसके दो साथी बाइक छोड़कर रफूचक्कर हो गए।
घटना रविवार रात सवा 8 बजे की है। सराफा व्यापारी रोजाना की तरह लक्ष्मीबाई मार्ग स्थित अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। घर पहुंचकर उन्होंने अपनी एक्टीवा की डिक्की में रखी चांदी के गहनों की थैली जैसे ही बाहर निकाली, घात लगाकर खड़ा बदमाश आया और छीनकर भागने लगा। उसके दो साथी कुछ दूर पर बाइक स्टार्ट करके खड़े थे। उधर, श्री सोनी ने शोर मचाया तो कुछ दूर खड़े
युवक प्रकाश, बबलू व सूरज ने बदमाशों के पीछे दौड़ लगा दी। ऐसे में बदमाश नियंत्रण खो बैठे और बाइक के साथ उनके हाथ में रखी गहनों की थैली गिर गई। अपने पीछे युवकों को आता देख तीनों बदमाश बाइक छोड़कर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने
बाइक जब्त कर ली। बदमाशों की तलाश की जा रही है।