8 दिन बाद आज से खुलेगी मंडी
सीएम से मिले आश्वासन के बाद अनाज व्यापारियों ने
खत्म की हड़ताल
देवास - खाद्य सुरक्षा अधिनियम के विरोध में 20 जनवरी से चल रही अनाज व्यापारियों की हड़ताल सोमवार को सीएम से चर्चा के बाद समाप्त हो गई। मंगलवार से व्यापारी मंडी में खरीदी शुरू करेंगे।
अनाज व्यापारियों ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम को काला कानून निरूपित करते हुए 20 जनवरी से अमानक स्तर के अनाज की खरीदी बंद कर दी थी। व्यापारियों का कहना था जब मंडी प्रबंधन या खाद्य सुरक्षा अधिकारी उपज को मानक स्तर की प्रमाणित करेगा तभी व्यापारी खरीदारी करेंगे। ऐसे में 20 जनवरी से ही मंडी बंद थी। सोमवार को अनाज व्यापारी महासंघ प्रदेश अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल के नेतृत्व में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से प्रतिनिधिमंडल ने भोपाल में मुलाकात की। सीएम ने आश्वासन दिया कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत किसी व्यापारी पर कोई कार्रवाई नहीं होगी, बेखौफ होकर खरीदारी करें। इस आश्वासन के बाद व्यापारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी। अनाज व्यापारी संघ देवास अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने बताया मंगलवार को विधिवत मंडी में खरीदारी प्रारंभ होगी।