- Hindi News
- ‘आर पार’ के मूड में निकाय पंवार को फिर नोटिस
‘आर-पार’ के मूड में निकाय पंवार को फिर नोटिस
भास्कर संवाददाता - धार
पूर्व विधायक के भाई हेमेंद्रसिंह पंवार से चल रहे जमीन विवाद से खफा नगर पालिका अब आर-पार के मूड में है। उसने पंवार को फिर एक नोटिस दे दिया है। इस बार उनके द्वारा बंगले के बाहर किए जा रहे निर्माण को रोकने की चेतावनी दी गई है। नोटिस नहीं लेने पर मंगलवार को कागजी प्रति चस्पा कर कर्मचारी से दस्तखत ले लिए गए। निकाय ने पंवार पर सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि वे हैप्पीविला क्षेत्र में बगैर अनुमति के निर्माण कर अतिक्रमण कर रहे हैं। यह नियमों का उल्लंघन है।
नोटिस में यह भी कहा है कि बिना अनुमति निर्माण/अतिक्रमण को 24 घंटे के भीतर हटाकर बताएं। साथ ही अपने जमीन व भवन के दस्तावेज निकाय कार्यालय में पेश करें अन्यथा निकाय निर्माण हटाएगी। व्यय भी वसूलेंगे।
गौरतलब है निर्माणाधीन आदर्श सड़क के दायरे में बताते हुए नगर पालिका ने दो दिन पहले रातोरात पूर्व विधायक के बंगले की बाउंड्रीवाल ढहा दी थी। पंवार इस मामले में जमीन पर मालिकाना जताते हुए पहले ही कोर्ट जा चुके थे, हालांकि उन्हें खास राहत नहीं मिल पाई थी। इसी बीच बंगला परिसर में कुछ फीट अंदर से नई बाउंड्रीवाल का निर्माण भी शुरू हो चुका है। निकाय का कहना है कि इसके लिए कोई अनुमति नहीं ली गई है। यह अतिक्रमण है। सीएमओ जीएस बघेल ने नोटिस दिए जाने की पुष्टि की।
सुलह के मिले थे संकेत
दरअसल, नगर पालिका पुरानी बाउंड्रीवाल के पीछे तक निर्माण करने वाली है। उसका कहना है कि यह सरकारी जमीन है। पंवार कह चुके हैं कि जमीन निजी है, निकाय उसका विधिवत अधिग्रहण करे तो कोई दिक्कत नहीं थी। सुलह नहीं होने पर पंवार कोर्ट गए थे जहां मामला विचाराधीन है। इसी बीच हाल ही में पुरानी बाउंड्रीवाल निकाय ने ढहा दी लेकिन आशंका के मद्देनजर उसके कुछ फीट पीछे से पंवार पहले ही नई बाउंड्रीवाल का निर्माण शुरू करा चुके थे। नए सिरे से सीमांकन में निजी जमीन होने पर निकाय ने मुआवजा देने का वादा किया था, इस पर विवाद में सुलह होते दिख रही थी लेकिन ताजा नोटिस ने अटकलों को हवा कर दिया है।