- Hindi News
- बस लूट मामले में पांच संदिग्धों से पूछताछ, जल्द होगा खुलासा
बस लूट मामले में पांच संदिग्धों से पूछताछ, जल्द होगा खुलासा
भास्कर संवाददाता - धार
धार बायपास पर इंदौर-डूंगरपुर बस लूट व मारपीट के मामले में पुलिस को कपड़े आदि से महत्वपूर्ण सुराग हाथ लग गए हैं। उसने तिरला-उमरबन के बीच एक गांव सहित टांडा, गंधवानी क्षेत्र आसपास छापे मारे। पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है जिनसे घटना के तथ्यों के आधार पर पूछताछ की जा रही है। घटना में आदतन आरोपी के शामिल होने की शंका भी जताई जा रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटनास्थल से तीन किमी दूर तिरला क्षेत्र के एक नाले में जो लूट के बाद छोड़े गए कपड़े, बैग ((नकदी-जेवर छोड़कर)) लावारिस मिले थे, उसी स्थान पर सुराग भी लिंक हो रहा है। हालांकि सभी अफसर इसकी आधिकारिक पुष्टि से इंकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि संदिग्ध हिरासत में है लेकिन अभी कुछ नहीं बता सकते। तलाश जारी है, जल्द खुलासा कर देंगे।
फरार आरोपी की तलाश में भी छापे
मामले के दौरान सुराग लगने के बाद पुलिस ने एक पुराने फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है। उसका हाथ इस घटना में होने की आशंका है। अफसर इस मामले में भी कहते रहे कि उक्त आरोपी की तलाश पूर्व से ही चल रही है।