- Hindi News
- मंडी व्यापारी के घर से नौ लाख के जेवरात चोरी
मंडी व्यापारी के घर से नौ लाख के जेवरात चोरी
भास्कर संवाददाता - धार
शहर के सबसे व्यस्त मार्ग पर घोड़ा चौपाटी से सेंट टेरेसा तिराहे के बीच एक मंडी व्यापारी के घर को चोरों ने सोमवार रात निशाना बनाया। खिड़की की ग्रिल उखाड़कर घुसे बदमाश नौ लाख रुपए के जेवरात ले गए। परिवार आगे के हिस्से में सो रहा था, बदमाशों ने पिछले हिस्से में वारदात को अंजाम दिया।
घटना उदय रंजन क्लब मैदान के गेट के सामने अजय छाजेड़ के घर हुई। उन्होंने बताया पत्नी रंजना, बेटी अनवी और मैं आगे के कमरे में सोए थे। बदमाशों ने पीछे के कमरे की खिड़की की ग्रिल उखाड़ी और भीतर घुसे। इसी कमरे में अलमारी रखी थी। बदमाशों ने कमरे के दरवाजे का नकूचा भीतर से लगा लिया। अलमारी का गेट खुला था लेकिन आभूषण लॉकर में रखे थे, चाबी आगे के कमरे में ही थी। बदमाशों ने सब्बल से उचकाकर लॉकर खोला। छाजेड़ ने बताया सोने का पैंडल ((चेन के साथ)), मोती का सेट, डायमंड का मंगलसूत्र, मोती की चेन, सोने का हार, सोने के दो कड़े, सोने के दो डायमंड वाले कड़े बदमाश ले गए। इनकी कीमत करीब नौ लाख रुपए है। कमरे में खूंटी पर टंगी पेंट से 8 से 10 हजार रुपए नकद भी निकाले।
॥प्रोफेशनल तरीके से घटना को अंजाम दिया गया है। परिवार की जानकारी रखने वाला कोई नहीं है, यह आदतन बदमाशों का काम है। तफ्तीश शुरू कर संभावित बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी।ञ्जञ्ज
छत्रपालसिंह सोलंकी, टीआई कोतवाली
आवाज न हो, स्टूल के नीचे लगाया कपड़ा
इस बड़े स्टूल के पायों में आवाज ना हो इसके लिए कपड़े रखे और उस पर चढ़कर भाग गए।
बदमाशों ने वारदात के दौरान आवाज नहीं हो, इसलिए कपड़ों का इस्तेमाल किया। जहां भी सामान रखा उसके नीचे कपड़ों का गद्दा बनाया। पीछे के हिस्से में बाउंड्रीवाल है, इससे कूदने के लिए बड़ा स्टूल लगाया। उसके चारों पाए के नीचे भी कपड़े लगाए। छाजेड़ का कहना है कोई आवाज सुनाई नहीं दी, इसलिए सुबह ही नींद खुली।
डॉग स्क्वॉड व फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट पहुंचे
सुबह पुलिस ने मुआयना किया। डॉग स्क्वॉड का खोजी कुत्ता सूंघते हुए किले के समीप पेट्रोल पंप के नजदीक वाली बस्ती तक गया। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने भी निशान लिए। छाजेड़ ने बताया 10 में यह तीसरा प्रयास है। पूर्व में दो बार बदमाश सफल नहीं हुए थे।