- Hindi News
- मृतकों व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के नाम से फर्जी मस्टर भर कर निकाले पैसे
मृतकों व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के नाम से फर्जी मस्टर भर कर निकाले पैसे
भास्कर संवाददाता - धार
धरमपुरी के दाभड़ में २६ जनवरी को ग्राम सभा के दौरान मारपीट के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। मंगलवार को बड़ी संख्या में गांव के लोग जिला मुख्यालय पहुंचे। एडीएम मनोज खत्री व जिला पंचायत कार्यालय में अफसरों को शिकायतों का पुलिंदा सौंपा। आरोप लगाया कि मनरेगा के कामों में भारी भ्रष्टाचार और गड़बडिय़ां की गई है। शिकायत पत्र में बताया कि पप्पू हारेसिंह और चंदन दरिया की मौत हो चुकी है लेकिन मस्टर में इनके नाम की हाजिरी भर कर रुपए निकाले गए हैं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मनोरमा पति देवजी के नाम से फर्जी हाजिरी भरी गई। हीरालाल पिता टूटिया के नाम से नंदन फलोद्यान बताया है। जबकि उसे पता ही नहीं है कि उसकी जमीन गिरवी है। जालम पिता लक्ष्मण रोजगार सहायक है। उसके स्वयं और परिवार की हाजिरी बताकर प्रतिवर्ष हजारों रुपए निकाले जा रहे हैं। अतिथि शिक्षक दिनेश पिता जगदीश और हाईस्कूल के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी गबु पिता झब्बर को भी मजदूरी पर बताया है। देवजी हारेसिंह के जॉब कार्ड में फर्जी सदस्यों के नाम बढ़ाकर उन्हें मजदूरी पर बताया। शिकायत पर अफसरों ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। ग्राम सभा के दौरान ग्राम पंचायत सचिव व मनोहर पिता बाबूलाल के बीच मारपीट हुई थी, जिसके बाद से ग्रामीणों में आक्रोश है।