पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मुआवजे के लिए भटक रहे एक दर्जन से अधिक ग्रामीण

मुआवजे के लिए भटक रहे एक दर्जन से अधिक ग्रामीण

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता - झाबुआ
जनपद पंचायत मेघनगर के ग्राम सजेली सुरजी मोगजीसाथ के एक दर्जन से अधिक ग्रामीण मुआवजे के लिए भटक रहे हैं। उनके पेड़ व भूमि कदवाल तालाब निर्माण होने के बाद डूब में चले गए थे। मुआवजा राशि स्वीकृत होने के बाद भी उन्हें भुगतान नहीं किया जा रहा।
मंगलवार को ग्रामीण जनसुनवाई में पहुंचे और मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई। ग्रामीण केशरिया, चेनसिंह, सवेसिंह, वालचंद सहित करीब एक दर्जन ग्रामीण पहुंचे। उन्होंने बताया कदवाल तालाब निर्माण के लिए उनकी जमीन व पेड़ डूब में चले गए। जिसका मुआवजा करीब १ लाख ३८ हजार रुपए था। करीब पांच वर्षों से वे राशि के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने पटवारी पर भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
बेटी का अपहरण करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग उसके पिता ने की है। ग्राम हथनीपाड़ा निवासी गोपाल पिता लुणा निनामा ने मंगलवार को एसपी को आवेदन सौंपा। उसने बताया भूरालाल, ईश्वर, शंकर पिता नंदू डामर व सरपंच नानूराम भूरिया व वसरसिंह भील ने पिछले वर्ष सितंबर में उसकी नाबालिग बेटी का अपहरण किया था, जिसकी रिपोर्ट सारंगी चौकी में दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए। उसने बेटी को खोजने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
सूची से काटा हितग्राही का नाम
ग्राम रायपुरिया के बद्रीलाल पिता शंकरलाल पाटीदार ने ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव प्रतीक्षा सूची में से उसका नाम काटने का आरोप लगाया। पाटीदार ने बताया इंदिरा आवास योजना के तहत हितग्राही के रूप में उसका नाम था। सरपंच-सचिव के कहने के बाद उसने सीमेंट कांक्रीट उधार खरीदकर मकान निर्माण शुरू कर दिया। बाद में जब वह राशि की जानकारी लेने गया तो उसका नाम पात्र हितग्राहियों की सूची में से काट दिया गया था। श्री पाटीदार ने सरपंच-सचिव पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।




ये आवेदन भी आए

> ग्राम पिपलीपाड़ा के मनजी पिता छगन निनामा ने पीपलीपाड़ा में राजीव गांधी नल-जल योजना का कार्य पूर्ण कराने की मांग की। उसने बताया योजना के तहत टंकी बनी हुई है, लेकिन लाइन पाइप अब तक नहीं डाली गई। अधूरा काम शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।

> ग्रिड ऑपरेटरों को ठेकेदारों द्वारा मासिक वेतन कलेक्टर रेट पर नहीं दिया जा रहा। ग्रिड ऑपरेटर ने मासिक वेतन बढ़ाने के साथ घोषित वेतन दिलाने की मांग कलेक्टर से की।



डिप्टी कलेक्टर को समस्या बताता आवेदक।

तालाब निर्माण में पेड़ और जमीन चली गई थी डूब में, मामला मेघनगर क्षेत्र के ग्राम सजेली सुरजी मोगजी साथ का