- Hindi News
- सीएमओ ने सांसद प्रतिनिधि का आपराधिक रिकॉर्ड मांगा
सीएमओ ने सांसद प्रतिनिधि का आपराधिक रिकॉर्ड मांगा
भास्कर संवाददाता - धार
लोकसभा चुनाव के साल में सीएमओ ने कांग्रेस सांसद गजेंद्रसिंह राजूखेड़ी के प्रतिनिधि राकेश डोड का आपराधिक रिकॉर्ड कोतवाली धार से मांगा है। इसके लिए बाकायदा निकाय ने थाना प्रभारी को पत्र भेजा है।
कोतवाली सूत्रों के अनुसार डोड पर बलवे के आरोप में दो प्रकरण दर्ज हैं जो 2007 व 2008 के हैं। निकाय इसके पहले कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष व पाडल्या में हुई हत्या के आरोपी विनोद चौहान का भी आपराधिक रिकॉर्ड ले चुका है। हालांकि डोड के मामले में रिकॉर्ड मांगने की वजह किसी स्तर से स्पष्ट नहीं हो पा रही है। पुलिस अफसर दबी जुबान में कहते दिखे कि निकाय को सांसद प्रतिनिधि के रिकॉर्ड से क्या काम हो सकता है? इधर,
राजनीतिक सूत्र बता रहे हैं निकाय कार्यालय में कांग्रेसियों द्वारा किए गए पिछले हंगामों के बाद भाजपा
नेताओं ने उनके खिलाफ कार्रवाई का मन बनाया था। उसी सिलसिले
में यह जानकारियां जुटाए जाने की अटकलें हैं। गौरतलब है सांसद प्रतिनिधि की नियुक्ति सांसद
की अनुशंसा पर कलेक्टर द्वारा की जाती है।
डोड के बचाव में सांसद का
काउंटर अटैक!
अपने प्रतिनिधि डोड के रिकॉर्ड मांगने की सूचना के बाद सांसद राजूखेड़ी ने काउंटर अटैक किया है। उन्होंने सीएसपी धार को पत्र देकर सीएमओ जीएस बघेल की आपराधिक कुंडली मांगी है। उनसे पूछा है कि सीएमओ ने किस आधार व किस अधिकार से डोड के संबंध में जानकारी मांगी है, यह बताएं। पुलिस प्रशासन किस विधान के तहत सीएमओ को जानकारी उपलब्ध कराने के लिए बाध्य है? निकाय के उक्त पत्र की प्रति दें। सीएमओ के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में कितने प्रकरण विभिन्न थानों में दर्ज हैं, आज तक विभाग ने उस पर क्या कार्रवाई की, यह बताएं। एक सप्ताह में जवाब मांगा है।
नगर पालिका ने थाना प्रभारी को दिया पत्र, दो प्रकरण बताए जा रहे