पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • अमित के फर्जी कमोडिटी एक्सचेंज में जिसने भी निवेश किया, रिटर्न में उसे धोखा मिला

अमित के फर्जी कमोडिटी एक्सचेंज में जिसने भी निवेश किया, रिटर्न में उसे धोखा मिला

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता - इंदौर
फर्जी कमोडिटी एक्सचेंज संचालित करने वाले इंदौर के डिब्बा कारोबारी अमित सांवेर सहित पांच लोगों के खिलाफ मंगलवार को सीआईडी ने चालान पेश किया। सीआईडी ने 22 अलग-अलग धाराओं में अमित पर आरोप तय किए हैं। चालान में बताया है कि अमित सोनी उर्फ अमित सांवेर ने दो साल में ऑनलाइन एक्सचेंज में 22 सौ करोड़ के सौदे किए जिसमें से 72 करोड़ के सौदे उसने खुद के सॉफ्टवेयर मेटाट्रेड-5 से किए। मेटाट्रेड-5 से जिसने भी निवेश किया, उसे धोखा ही मिला। लिहाजा, एयू कमोडिटी/मनी हाउस प्राइवेट लिमिटेड के संचालकों द्वारा लोगों से की गई धोखाधड़ी साबित होती है।
सीआईडी ने मंगलवार दोपहर 12 बजे सीजेएम पंकजसिंह महेश्वरी की अदालत में पांच आरोपियों के खिलाफ चालान पेश किया। इनमें सरगना अमित सोनी, उसका भाई अनुराग सोनी, स्वप्निल भट्ट, नौकर विजय सेमरे और साथी राकेश बत्रा शामिल हैं। मामले में अब तक 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आरोपियों ने मेटाट्रेड-5 सॉफ्टवेयर को कम्प्यूटर्स व संबंधित मोबाइल फोन पर इंस्टॉल कर इंदौर, नई दिल्ली, जयपुर और मुंबई जैसे बड़े शहरों के सराफा व्यापारियों को ठगा है। इन शहरों में अमित ने अपने दफ्तरों से इंटरनेट के जरिए एमसीएक्स के समानांतर डमी कमोडिटी एक्सचेंज खड़ा कर लिया था। जिसे वह खुद संचालित करता था। 30 अक्टूबर को अमित के खिलाफ फर्जी तरीके से कमोडिटी मार्केट चलाने का मामला सामने आया था। इंदौर सराफा बाजार के कई व्यापारी अमित के डिब्बा कारोबार में उलझकर दिवालिया हो चुके हैं तो कइयों ने आत्महत्या जैसे कदम भी उठाए हैं।




दैनिक भास्कर को मिले चालान में इस बात का जिक्र है कि सीआईडी से पहले मामले की जांच कर रही राज्य सायबर सेल ने मामले की विधिवत कार्रवाई नहीं की थी। चालान में लिखा है कि ‘राज्य सायबर एवं उच्च तकनीकी अपराध के जोनल कार्यालय इंदौर के पुलिस अफसरों ने आरोपियों से संबंधित कम्प्यूटर्स की हार्ड डिस्क, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण व संबंधित दस्तावेज भोपाल कार्यालय में 30 अक्टूबर 2013 को जमा कराए थे, लेकिन उक्त उपकरण व दस्तावेज एकत्रित करने में विधिवत कार्रवाई नहीं की गई।’

सायबर सेल ने नहीं की विधिवत कार्रवाई

एमसीएक्स का डाटा भी जांचेगी सीआईडी

सीआईडी सूत्रों के अनुसार एमसीएक्स का डाटा खंगालने की कार्रवाई भी जल्द शुरू की जाएगी। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने पूरा फर्जीवाड़ा एमसीएक्स के जरिए ही किया है। सीआईडी अब यह जानना चाहती है कि 22 सौ करोड़ की ट्रेडिंग में एमसीएक्स ने नियमानुसार ट्रेडिंग करवाई गई है या नहीं? इस मामले में जब्त किए गए अन्य सर्वर, कम्प्यूटर और मोबाइल फोन की जांच फिलहाल सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी ((सीएफएसएल)) कर रही है। इसकी रिपोर्ट नहीं आई है।