- Hindi News
- खुले अधिवेशन में वक्ताओं ने केंद्र सरकार को कोसा
खुले अधिवेशन में वक्ताओं ने केंद्र सरकार को कोसा
भास्कर संवाददाता - धार
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांत अधिवेशन के दूसरे दिन बुधवार को राजबाड़ा चौक में खुला अधिवेशन हुआ। शहर में रैली निकाली गई। वक्ताओं ने अधिवेशन में भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा आदि विषयों पर केंद्र सरकार को जमकर कोसा।
भोपाल के रितेश बिरथरे ने भ्रष्टाचार पर बात रखी। इंदौर की इति सोलंकी ने महिला सुरक्षा को लेकर कहा देशभर में भाई अपनी बहन की सुरक्षा को लेकर आशंकित है। ग्वालियर के रामप्रीत गुर्जर ने विद्यार्थी परिषद की संस्कृति के बारे में बताया। धार की कल्याणी वैद्य ने शिक्षा के व्यापारीकरण विषय पर संबोधित किया। नीमच के आयुष कोठारी ने राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। कहा बांग्लादेशी घुसपैठिए हर साल देश में आ रहे हैं। लगातार इनकी संख्या में इजाफा हो रहा है। मंच पर प्रांत अध्यक्ष नीतीश शर्मा, प्रांत मंत्री रोहित राय, नगर अध्यक्ष आशीष बौरासी, मंत्री अभिषेक मिश्रा भी उपस्थित थे। रेखा सिलावट ने वंदे मातरम गाकर अधिवेशन का समापन किया। संचालन इंदौर के राकेश दांगी ने किया।
समापन आज
अभाविप तीन दिनी प्रांत अधिवेशन का समापन गुरुवार को होगा। सुबह अभाविप राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुनील आंबेडकर दृष्टि, अभियान गतिविधि पर भाषण देंगे।
झंडे, बैनर, तख्तियां लेकर निकले
अधिवेशन के पूर्व त्रिमूर्ति नगर से जुलूस निकला। प्रदेश भर से आए छात्र नेता झंडे, बैनर, तख्तियां लेकर चल रहे थे। शिक्षा के व्यावसायीकरण, देश की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, घोटाले आदि के संबंध में नारे लगाते चल रहे थे। जुलूस मोहन टॉकिज चौराहा, धानमंडी चौराहा, आनंद चौपाटी होते हुए राजबाड़ा पहुंचा, जहां अधिवेशन हुआ।
प्रांत अधिवेशन का दूसरा दिन - अभाविप ने निकाली रैली, राजबाड़ा चौक पर हुई सभा