पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • धार : लगातार दूसरी चोरी, 15 ताले तोड़ घुसे डाकघर के स्ट्रांग रूम में

धार : लगातार दूसरी चोरी, 15 ताले तोड़ घुसे डाकघर के स्ट्रांग रूम में

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - धार
शहर में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि लगातार दूसरी रात उन्होंने घोड़ा चौपाटी के पास वारदात को अंजाम दिया। मंगलवार रात चोरों ने मुख्य डाक घर को निशाना बनाया। बदमाश दरवाजे के समीप की ग्रिल उखाड़ कर भवन में घुसे, करीब 15 ताले तोड़ स्ट्रांग रूम में भी घुस गए, लेकिन तिजोरी ((जिसमें लाखों रुपए थे)) का ताला नहीं तोड़ पाए और खाली हाथ लौट गए। इससे पहले बदमाशों ने सोमवार रात मंडी व्यापारी के मकान से नौ लाख रुपए के जेवरात उड़ाए थे। इस मकान से डाकघर की दूरी मात्र 100 मीटर है।
डाकघर में बदमाश पिछले हिस्से से आए। साइड वाले गेट के समीप की ग्रिल उखाड़ी। चौकीदार जिस हॉल में सोया था उसे बाहर से बंद कर दिया। चैनल गेट, कम्प्यूटर रूम, काउंटर हॉल और स्ट्रांग रूम के ताले तोड़े। स्ट्रांग रूम की जाली में दो ताले लगे थे। शेष- पेज 4 पर


एक गेट पर, दूसरा चैनल में। दोनों तोड़ दिए। यहां एक दीवार में चार तिजोरियां हैं। इनमें दो में डाक टिकट व अन्य दस्तावेज तथा शेष दो में रुपए रहते हैं। बदमाशों ने डाक टिकट व दस्तावेज वाली तिजोरियों के दोनों ताले तोड़ दिए लेकिन रुपए वाली तिजोरियों का ताला नहीं खोल पाए। स्ट्रांग रूम में अलग से एक पेटी रखी थी, इसे भी तोड़ दिया। हालांकि रुपए नहीं मिलने से बदमाश डाक टिकट व अन्य दस्तावेज भी छोड़ गए।
डाक घर प्रबंधन के अनुसार तिजोरी में लाखों रुपए थे, खुल जाती तो बड़ा नुकसान होता। पोस्ट मास्टर अजय बाफना ने बताया सुबह 4 बजे चौकीदार प्रेमसिंह ने आवाजें आने और हॉल का दरवाजा बाहर से बंद होने की सूचना दी, जिस पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस पहुंची, तब तक बदमाश जा चुके थे।
अलमारी-ड्रॉज भी खंगाल डाले
चोरों ने विभिन्न कमरों में रखी अलमारियों व ड्रॉज के लॉक सब्बल से तोड़े। काउंटर पर कैश लेकर जिस पेटी में रखा जाता है, उसका ताला भी तोड़ा। हालांकि इसमें भी कुछ नहीं था।