1854 अपराधियों की बनेगी ‘कुंडली’
भास्कर संवाददाता - झाबुआ
लूट-डकैती, चोरी और नकबजनी के साथ अन्य संपत्ति संबंधी वारदातों में शामिल जिले के 1854 बदमाशों की पुलिस विभाग पूरी कुंडली तैयार कर रहा है। इससे अपराधों पर नियंत्रण के साथ ही अपराधियों की धरपकड़ में आसानी होगी। अभी तक 550 बदमाशों का रिकॉर्ड तैयार भी हो चुका है। कई बार ऐसा होता है कि वारदात का शिकार व्यक्ति मौके पर बदमाश का चेहरा तो देख लेता है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी में लंबा वक्त लग जाता है। ऐसे में शिनाख्त के समय संशय की स्थिति निर्मित हो जाती है। जब फोटो सहित पूरा रिकॉर्ड थाने पर मौजूद रहेगा तो फरियादी तुरंत बदमाश को पहचान लेगा। इससे उसे पकडऩे में आसानी होगी। थाना व चौकी पर पदस्थ स्टाफ को अपराधियों की जानकारी टटोलने के लिए ज्यादा मशक्कत नहीं करना होगी, जिससे वारदात भी जल्द ट्रेस हो जाएगी। कुछ बदमाश आदतन अपराधी होते हैं। रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस उन पर निगाह रख पाएगी और वे वारदात को अंजाम नहीं दे पाएंगे। उन्हें भी इस बात का डर रहेगा कि पुलिस नजर रखे हुए है।
तैयार कर रहे हैं रिकॉर्ड
॥पिछले 13 सालों में संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल बदमाशों का पूरा ब्योरा तैयार किया जा रहा है। इसमें कुछ वक्त जरूर लग रहा है, लेकिन इससे भविष्य में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की गिरफ्तारी में आसानी होगी। बाद में रिकॉर्ड को कम्प्यूटर में अपलोड किया जाएगा।ञ्जञ्ज
एसपी सिंह, पुलिस अधीक्षक, झाबुआ
जिले में डकैती डालने व डकैती का प्रयास करने वाले 345 बदमाश हैं। लूट की वारदात करने वाले अपराधियों की संख्या 264 और नकबजनी में शामिल बदमाशों का आंकड़ा 438 है। चोरी, वाहन चोरी सहित अन्य चोरियों में शामिल बदमाशों की संख्या 806 है।
किस अपराध में शामिल कितने बदमाश
81 बिंदुओं की जानकारी जुटा रहे
संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल बदमाशों की अब थानावार 81 बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है। इसके लिए बाकायदा एक फार्मेट तैयार किया गया है, जिसमें अपराधी का नाम-पता, फोटो, किस प्रकार का अपराध करता है और वर्तमान में क्या कर रहा है, उसके रिश्तेदारों के नाम, मोबाइल नंबर, यदि कोई काम नहीं कर रहा तो गुजर-बसर कैसे हो रही, ऐसी तमाम सारी जानकारी का उल्लेख करना है।
बदमाशों की कुंडली तैयार करने के लिए पुलिस विभाग ने पिछले 13 सालों का पूरा रिकॉर्ड खंगाला। इस मशक्कत में करीब एक महीने का समय लगा। इसके आधार पर लूट-डकैती व चोरी आदि वारदातों में शामिल कुल 1854 अपराधियों की सूची तैयार की गई। सभी अपराधियों को अलग-अलग तीन केटेगरी में बांटा गया है।
13 सालों का रिकॉर्ड खंगाला
थानावार अपराधियों का आंकड़ा
थाना अपराधी
झाबुआ 331
कालीदेवी 233
कल्याणपुरा 420
मेघनगर 193
थांदला 157
पेटलावद 130
रायपुरिया 166
काकनवानी 112
राणापुर 112
योग 1854
पिछले 13 सालों का रिकॉर्ड खंगाला, लूट, डकैती व अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल अपराधियों का पूरा लेखाजोखा कर रहे तैयार