- Hindi News
- धरमपुरी में हुआ बैलगाड़ी यात्रा का समापन शिव साधकों ने बांटे अपने अनुभव
धरमपुरी में हुआ बैलगाड़ी यात्रा का समापन शिव साधकों ने बांटे अपने अनुभव
भास्कर संवाददाता - झाबुआ
शिवगंगा द्वारा ग्राम समृद्धि मेले के प्रचार-प्रसार के लिए आयोजित बैलगाड़ी यात्रा का बुधवार को ग्राम धरमपुरी में समापन हुआ। इस दौरान यात्रा में शामिल ३०० शिव साधकों ने अपने अनुभव साझा किए। यहां शिवगंगा प्रमुख महेश शर्मा ने कहा गांव के विकास के लिए हमें दूसरों की तरफ नहीं देखना चाहिए।
यदि सभी एक जुट होकर गांव की समस्या देखेंगे और उसके निराकरण का प्रयास करेंगे तो निश्चित रूप से हमें सफलता प्राप्त होगी। ग्रामीण टिडूभाई मेड़ा ने अपने अनुभव सुनाते हुए कहा बैलगाडी यात्रा से गांव की जनता को जागृत करने मे कामयाबी मिली है। यह सभी परिवारों तक पहूंचने का सुलभ तरिका है । रेमूभाई वाखला ने बताया यात्रा में गांव के बडे बुजुर्ग व महिलाएं शामिल हुई। सभी ने ग्राम समृद्धि मेले में आने का संकल्प लिया। दरियाव डामोर ने बताया यात्रा के दौरान लोगों ने पानी बचाने और जमीन के कटाव को रोकने की बात गहराई से सुनते हुए कंधे से कंधा मिलाकर इस काम को करने का संकल्प लिया। यात्रा के समापन अवसर पर ३०० कार्यकर्ताओं को ६० हजार निमंत्रण पत्र, १० हजार पोस्टर व प्रवेशिका का वितरण किया गया। पंजीयन के बाद ही कार्यकर्ताओं को प्रवेश दिया जाएगा।
378 धर्मसभा हुई
आठ दिवसीय जनजागृति यात्रा के दौरान जिले के कुल 700 गावों मे 378 धर्म सभाओं का आयोजन हुआ। गांवों में साहित्य एवं पोस्टर लगाकर लोगों को जनजागृति का पाठ पढ़ाया गया। अब 21 बैलगाडिय़ों के प्रभारी यात्रा के समापन के बाद गांव-गांव जाकर ग्राम समृद्धि मेले में आने का निमंत्रण लोगों को देंगे। गांव में किस प्रकार की गतिविधियों का संचालन किया जाना है, इसकी रूपरेखा तैयार की जाएगी। इसके बाद विकासखंड स्तरीय बैठकों का आयोजन होगा, जिसमें प्रत्येक गांव के तड़वी और फलियों के घट नायकों को बुलाया जाएगा। गांवों मे जनजागृति लाने और ग्राम समृद्धि मेले के प्रचार प्रसार के लिये नुक्कड़ नाटक, शोभायात्रा और बैठकें 1 फरवरी से प्रारंभ होंगी ।
आगामी योजना को लेकर रूपरेखा तैयार करते शिवगंगा पदाधिकारी।