पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सरकारी डॉक्टर आज सामूहिक अवकाश पर

सरकारी डॉक्टर आज सामूहिक अवकाश पर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिला अस्पताल में ओपीडी रहेगी बंद, अस्पताल प्रबंधन ने इमरजेंसी के लिए की व्यवस्थाएं
देवास - सिवनी जिले में मरीज की मौत के मामले में डॉक्टर व नर्स के खिलाफ धारा 304-ए का प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। इसके विरोध में मप्र चिकित्सा अधिकारी संघ लामबंद है और शुक्रवार को जिलेभर के डॉक्टर्स एक दिवसीय सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। जिला अस्पताल के डॉक्टर्स भी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। ऐसे में शुक्रवार को ओपीडी बंद रहेगी। हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने इमरजेंसी सेवाओं के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने का दावा किया है। मप्र चिकित्सा अधिकारी संघ जिलाध्यक्ष शिवेंद्र मिश्रा ने बताया बगैर जांच के ही प्रकरण दर्ज कर डॉक्टर-नर्स को गिरफ्तार किया गया है जबकि सुप्रीम कोर्ट के आदेश हैं कि बगैर जांच के सीधे प्रकरण दर्ज नहीं किया जाएगा। इसके विरोध में शुक्रवार को जिलेभर के डॉक्टर्स सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। जिले में विभिन्न श्रेणी के करीब 70 डॉक्टर्स हैं। इन सभी ने सामूहिक अवकाश का आवेदन दे दिया है।
जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी
सिविल सर्जन डॉ. विद्या वेल्हणकर ने बताया जिला अस्पताल में पूर्व से छुट्टी पर गए और रिक्त पदों के अलावा शेष 26 डॉक्टरों ने सीएल का आवेदन दिया है। ओपीडी शुक्रवार को पूरी तरह से बंद रहेगी लेकिन इमरजेंसी सेवाएं चालू रहेगी। इसके लिए 12 डॉक्टरों की व्यवस्था की गई है। दो डॉक्टर कर्मचारी राज्य बीमा अस्पताल, तीन आयुष विभाग के बुलवाए हैं। साथ ही संविदा डॉक्टरों को भी ड्यूटी पर लगाया है। इमरजेंसी, डिलीवरी, एसएनसीयू सहित पोस्टमार्टम आदि चालू रहेगा।