- Hindi News
- तैयारी कच्ची, अपर कलेक्टर ने कहा अभी रिहर्सल की जरूरत
तैयारी कच्ची, अपर कलेक्टर ने कहा अभी रिहर्सल की जरूरत
भास्कर संवाददाता - बुरहानपुर
शहर के नेहरू स्टेडियम पर रविवार को देशभक्ति लहराएगी। सधे कदम और बैंड की धुन के साथ सलामी से हर तरफ जोश और उत्साह भरेगा। सफेद कपोत और गुब्बारे छोड़कर अमन-शांति का संदेश दिया जाएगा। गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह को लेकर बाहरी तैयारी तो पूरी कर ली गई। लेकिन मैदान पर होने वाले कार्यक्रम की तैयारी कच्ची रही। शुक्रवार को स्टेडियम पर हुई फाइनल रिहर्सल का अपर कलेक्टर प्रकाशचंद्र रैवाल ने जायजा लिया। उन्होंने कहा कार्यक्रम में तालमेल जरूरी है। विद्यार्थियों को अभी और रिहर्सल की जरूरत है। शनिवार को भी इन्हें अभ्यास कराया जाए।
शुक्रवार को पुलिस, विशेष सशस्त्र बल, वन विभाग, स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेट्स ने परेड का अभ्यास किया। सुभाष हायर सेकंडरी, भारतीय स्कूल, हकीमिया स्कूल, सेंट टेरेसा स्कूल, सेवासदन स्कूल, वैदिक विद्यापीठ हायर सेकंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने पीटी, योगासन और सांस्कृतिक प्रस्तुति का अभ्यास किया। अपर कलेक्टर श्री रैवाल ने अफसर-शिक्षकों को जरूरी निर्देश दिए।
शाम ५ बजे स्टेडियम पहुंचे अफसरों ने पहले परेड देखी। कमी पाई जाने पर इसे दूर करने के निर्देश दिए। इसके बाद स्कूल विद्यार्थियों द्वारा दी जाने वाली प्रस्तुति देखी। इसमें लय और तालमेल सही नहीं होने पर सुधार करने को कहा। इस दौरान नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, एएसपी बीएस बिरदे, डिप्टी कलेक्टर शंकरलाल सिंगाड़े, डिप्टी कलेक्टर केएल यादव, एसडीएम काशीराम बड़ोले, सीएसपी बीपीएस परिहार, तहसीलदार अजीत श्रीवास्तव सहित अन्य अफसर मौजूद थे।