पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • युवाओं ने मांगा काम, गरीबों ने पट्टे

युवाओं ने मांगा काम, गरीबों ने पट्टे

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता - बुरहानपुर
मुख्यमंत्री का इंतजार करते करीब ३० हजार लोग। दोपहर १२.५५ बजे हेलिकाप्टर दिखा। खुशी से झूम उठे। सीएम नेहरू स्टेडियम पर बने हेलीपेड पर उतरे। यहां से सीधे सभा स्थल सुभाष उत्कृष्ट स्कूल मैदान पर पहुंचे। पहले भांजियों के चरण पूजे। फिर विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन। मंच के करीब ही ४० करोड़ रुपए लागत की ३०० कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण किया। इसके बाद सीधे जनता के बीच पहुंचे। सभा के दौरान मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से गरीबों ने वनाधिकार पट्टे, इंदिरा आवास मांगे। वहीं 150 युवाओं ने रोजगार की मांग की। कुछ लोगों ने राशनकार्ड की समस्या बताई। सभा में कुल 754 आवेदन आए। इन्हें जिला प्रशासन ने शाम को ही भोपाल के लिए रवाना कर दिया। अब सीएम की ओर से इनके निराकरण के लिए 15 दिन के भीतर प्रक्रिया की जाएगी। इसके लिए एडीएम प्रकाश रेवाल को नोडल अधिकारी बनाया गया है। पहली बार सीएम की सभा के दौरान शिकायतों के पंजीकरण का स्टाल लगा। यहां 459 शिकायतें दर्ज की गईं। जबकि सीएम के हाथ में 295 लोगों ने शिकायतें सौंपी। इसमें खुद का उद्योग स्थापित करने के लिए लोन दिलाने, सरकारी नौकरी के आवेदन भी शामिल हैं। रोजगार के एक साथ इतने आवेदन भी यहां पहली बार आए हैं। शिकायत पंजीकरण प्रभारी अधिकारी अब्दुल गफ्फार खान ने बताया सभी आवेदनों को नस्तीबद्ध कर भोपाल भेजा गया है। वहां से दिशा-निर्देश मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




डॉक्टर नजर आए एप्रेन में अस्पताल में दिखी सफाई

कयास लगाए जा रहे थे कि सीएम निरीक्षण के लिए जिला अस्पताल जा सकते हैं। इसको लेकर स्वास्थ्य महकमा पूरी तरह अलर्ट रहा। जिला अस्पताल में सभी डॉक्टर एप्रेन में नजर आए। कर्मचारी भी निर्धारित यूनिफार्म में दिखे। अस्पताल में हर तरफ सफाई नजर आई। सभा स्थल के ठीक सामने स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों की जांच और दवा वितरण शिविर लगाया गया। जिला अस्पताल में स्ट्रेचर सहित अन्य उपकरण साफ-सुथरे कर रखे गए लेकिन सीएम अस्पताल पहुंचे ही नहीं। सभा में आई एक ग्रामीण महिला का अचानक ब्लड प्रेशर बढ़ गया। शिविर में लगे स्वास्थ्य शिविर में डॉक्टरों ने ब्लड प्रेशर चेक किया। ब्लड प्रेशर ज्यादा होने के कारण महिला को स्ट्रेचर से तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में दोपहर के समय अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों को मिलने पर पाबंदी लगा दी।



जेब काटते पकड़ाया बदमाश लोगों ने पीटा, पुलिस को सौंपा

सभा के दौरान कई लोगों की जेब कटी। बुधवार दोपहर 1.30 बजे राजघाट निवासी हेमलाल प्रहलाद ने जेब काट रहे बदमाश को पकड़ लिया। लोगों ने बदमाश की पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया। पूछताछ में बदमाश ने इंदौर निवासी रमेश विष्णु डोंगरे बताया। उसे सिटी कोतवाली ले जाया गया। यहां जांच में उसकी जेब से हेमलाल के 3520 रुपए निकले। सभा खत्म होने पर सीएम से हाथ मिलाते समय लक्ष्मी नगर निवासी संतोष वारुड़े की जेब कट गई। संतोष की पर्स में 1 हजार रुपए सहित अन्य दस्तावेज थे। संतोष को घर पहुंचने पर जेब कटने का पता चला। यही नहीं सिटी कोतवाली में कोई जेब से मोबाइल तो कई हजारों रुपए के साथ दस्तावेज चोरी होने की शिकायत करने पहुंचे। पुलिस ने सभी की शिकायत दर्ज की है।

इंदौर के बम निरोधक

दस्ते ने चार घंटे की सर्चिंग

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के दौरे से पहले इंदौर के बम डिटेक्टर एंड डिस्पोजल स्क्वॉड ने चार घंटे तक तय स्थानों की सर्चिंग की। सीएम की सुरक्षा के मद्देनजर मंगलवार शाम को ही दल बुरहानपुर पहुंच चुका था। बुधवार सुबह 8 बजे स्क्वॉड शासकीय सुभाष उत्कृष्ट स्कूल मैदान में मुख्य समारोह स्थल पहुंचा। यहां मिरर लेस मेटल डिटेक्टर और डॉग की मदद से मंच, स्टॉल और पूरे मैदान की सर्चिंग की। सुबह 10 बजे स्क्वॉड नेहरु स्टेडियम पहुंचा। यहां बने हेलीपेड पर भी बारीकी से जांच की गई। यहां से स्क्वॉड जिला अस्पताल पहुंचा। यहां भी निरीक्षण किया गया। स्क्वॉड में प्रभारी उमाशंकर गर्ग, आरक्षक हिम्मतसिंह, संजय जायसवाल, डॉग मास्टर सचिन भागवत शामिल थे।

बच्चे बोले मामाजी, पोहा, दाल-

रोटी और चावल मिलते हैंै

सभा स्थल पर मौजूद आंगनवाड़ी के बच्चों से सीएम शिवराजसिंह चौहान ने पूछा केंद्र में खाना मिलता है या नहीं। इस पर बच्चे बोले मामाजी पोहा, दाल-रोटी चावल मिलते हैं। उन्होंने पूछा खेलते हो या नहीं। इस पर बच्चे बोले खेलते भी हैं मामाजी। यहां मंडप सजाकर बनाई गई आंगनवाड़ी में सीएम ने हिंदू बालिकाओं के चरण पूजे। वहीं मुस्लिम बालिकाओं को चुनरी ओढ़ाई।

कड़वी हो गई आबकारी की चाय सीएम ने रखे भोजन के दो पैकेट

सीएम और दूसरे नेताओं के लिए आबकारी विभाग ने चाय बनवाई थी लेकिन वह रखे-रखे कड़वी हो गई। सीएम डेढ़ घंटे देरी से पहुंचे। खाद्य विभाग के जिम्मे भोजन के पैकेट मुहैया कराने की जिम्मेदारी थी लेकिन किसी नेता ने भोजन नहीं किया। सीएम ने दो पैकेट अपने लिए हेलीकॉप्टर में रखवाए।

पूरी तरह अव्यवहारिक

है फूड सेफ्टी एक्ट

सभा के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने कहा फूड सेफ्टी एक्ट पूरी तरह अव्यवहारिक है। इसके लिए आज प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है। अन्य प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों को भी पत्र लिख रहा हूं। इसके लिए कानून में जरूरी संशोधन होना चाहिए। कर ढांचे पर भी पुनर्विचार किया जाना चाहिए। अर्चना चिटनीस को मंत्री नहीं बनाए जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने सिर्फ इतना ही कहा कि वे योग्य हैं। शहर के आयुर्वेदिक कॉलेज में छह साल से कोई प्रवेश नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कहा देखते हैं। इसके बाद वे पत्रकारों के कई सवालों को अनसुना कर चल दिए।



भाजपा प्रदेश महामंत्री नंदकुमारसिंह चौहान ने कहा मुख्यमंत्री ने विकास-उन्नति को लेकर कभी भेदभाव नहीं किया। शिवकुमारसिंह इंजीनियरिंग कॉलेज इसकी मिसाल है। विधायक अर्चना चिटनीस ने कहा पावरलूम उद्योग के लिए बिजली पर सब्सिडी मिलना चाहिए। बहादरपुर सूत मिल के पास ७ एकड़ जमीन पर उद्योग नगर बनाया जा सकता है। नेपानगर विधायक राजेंद्र दादु ने कहा मुख्यमंत्री ने वे योजनाएं बनाईं जो कभी सपने की बात थीं।



सीएम ने कहा इस बार फिर कार्यक्रम शहर में नहीं रखा। मैं बुरहानपुर में रात रूकना चाहता हूं। यहां के कमल चौराहा, मंडी चौराहा और गांधी चौराहे पर चाय पीना चाहता हूं। प्रदेश महामंत्री नंदकुमारसिंह चौहान, विधायक अर्चना चिटनीस और राजेंद्र दादु की मांग पर सीएम ने कहा राजघाट से जैनाबाद तक पुल बनाया जाएगा। शहर में शिवाजी की प्रतिमा लगेगी। कृषि के साथ पर्यटन का विकास किया जाएगा।

सीएम ने सभा के दौरान कहा खेती के साथ ही रोजगार भी जरूरी है। उन्होंने महिलाओं के एक स्वसहायता समूह के कामों को प्रदर्शनी के दौरान देखा। इसके बाद मंच से बोले जिला स्तर पर भी इस तरह के उद्योग स्थापित किए जा सकते हैं। समूह डोरमेट ((पांव पोछने का कारपेट)) बनाने का काम करता है। सीएम ने समूह सदस्यों से चर्चा भी की।



शिवकुमारसिंह इंजीनियरिंग कॉलेज उदारता की मिसाल

राजघाट से जैनाबाद तक बनेगा पुल शहर में शिवाजी की लगेगी प्रतिमा

मुख्यमंत्री ने भी माना रोजगार जरूरी, महिला समूह की सराहना



आओ बनाएं मप्र सभा में मुख्यमंत्री ने पहले भांजियों के पैर पूजे फिर जनता के बीच पहुंचकर जाना हाल