- Hindi News
- महिला को इसलिए ठगा, क्योंकि वह केबीसी में भेजती थी सवालों के जवाब
महिला को इसलिए ठगा, क्योंकि वह केबीसी में भेजती थी सवालों के जवाब
> 25 लाख की लॉटरी के नाम पर 1 लाख 90 हजार रुपए ठगने वाले दो और गिरफ्तार
भास्कर संवाददाता - इंदौर/बुरहानपुर
बुरहानपुर की एक महिला को फोन पर 25 लाख की लॉटरी खुलने का सब्जबाग दिखाकर 1 लाख 90 हजार रुपए ठगने वाले गिरोह के दो अन्य सदस्यों को भी सायबर सेल ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी सतना के रहने वाले हैं। दोनों आरोपियों ने महिला को इसलिए टारगेट किया था, क्योंकि वह कौन बनेगा करोड़पति ((केबीसी)) में सवालों के जवाब भेजती थी।
टीआई सुनीता कटारा ने बताया बीते दिनों बुरहानपुर की महिला नजमा फरहद ने शिकायत की थी कि उसे फोन पर 25 लाख की लॉटरी खुलने का बताकर कुछ आरोपियों ने अलग-अलग अकाउंट में रुपए जमा करवाए थे। जांच के बाद आरोपी छोटेलाल यादव और नरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों ने अपने दो और साथी के नाम बताए थे। टीम ने दोनों की निशानदेही पर आरोपी विश्वनाथ सिंह पिता राम कुमार सिंह ((24)) ग्राम गाड़वा खुर्द ((सतना)) और छोटेलाल पिता मनसुखलाल प्रजापति ((22)) ग्राम मेहूती ((सतना)) को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी छोटेलाल से 25 हजार रुपए व 1 बैंक पासबुक और विश्वनाथ से एटीएम मिला है। दोनों आरोपी उमरिया पॉलीटेक्निक कॉलेज के छात्र हैं। आरोपियों ने बताया कि महिला को उनके साथियों ने इसलिए टारगेट किया था, क्योंकि वह कौन बनेगा करोड़पति के लिए आने वाले सवालों के जवाब में मैसेज भेजती रहती थी। उन्होंने महिला का नंबर पता कर लॉटरी का झूठ बोलकर रुपए ऐंठ लिए।