108 कलश शिरोधार्य कर निकली मातृ शक्ति
भास्कर संवाददाता - बुरहानपुर
बुधवार से प्रज्ञा पुराण कथा व 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का कलश यात्रा से शुरू हुआ। सुबह शहर के मुख्य मार्गों से बैंड की धुन पर 108 कलश शिरोधार्य कर मातृ शक्ति निकलीं। इस बीच विद्यार्थियों ने ‘युग बदलेगा जग बदलेगा’ के नारे लगाए। आचार्य पंडित श्रीराम शर्मा के एकता संदेश ‘मानव मात्र एक समान, एक पिता की सब संतान’ से लोगों को जाग्रत किया। सुबह 10 बजे शाही किला स्थित शिव मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा फूल चौक, शाह बाजार, पांडूमल चौराहा, राजपुरा, बस स्टैंड होती हुई शक्ति स्तंभ पहुंची। यात्रा में श्रीराम गुरुकुल के विद्यार्थी सफेद धोती, पीला कुर्ता और गायत्री परिवार की महिलाएं पीली साड़ी पहने शामिल हुईं।