- Hindi News
- ञ्च15 अक्टूबर २०13 को ऑनलाइन जमा किए गए थे फार्म, सर्वर डाउन होने से जमा नहीं हो सकी थी फीस ञ्च ऑन लाइ
ञ्च15 अक्टूबर २०13 को ऑनलाइन जमा किए गए थे फार्म, सर्वर डाउन होने से जमा नहीं हो सकी थी फीस ञ्च ऑन लाइन फीस समय पर जमा नहीं करने से मंडल ने परीक्षा पात्रता से किया वंचित
रईस सिद्दीकी - बुरहानपुर
कियोस्क सेंटर के ऑन लाइन सर्वर में गड़बड़ी का खामियाजा प्रदेश में कक्षा 10वीं के करीब 8 हजार विद्यार्थियों को भुगतना पड़ेगा। माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल ने इंदौर संभाग के करीब 800 विद्यार्थियों को परीक्षा पात्रता से वंचित करने का पत्र जारी किया है। इससे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। प्राचार्य विद्यार्थियों को यह बात बता नहीं पा रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों का एक साल बर्बाद हो जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इस बार कक्षा 10वीं के वार्षिक परीक्षा फार्म ऑन लाइन या ऑफ लाइन जमा कराने के निर्देश दिए थे। अधिकांश जिलों में स्कूलों ने फार्म ऑन लाइन जमा किए। 15 अक्टूबर २०13 फार्म जमा करने की आखिरी तारीख थी। लेकिन शाम 7.30 बजे अचानक कियोस्क सेंटर के सर्वर में गड़बड़ी हुई। इससे विद्यार्थियों के चालान जमा नहीं हो सके। दूसरे दिन ईद की छुट्टी होने से स्कूलों ने चालान 17 अक्टूबर को जमा कराए। इसके बाद सरकारी-निजी स्कूल मंडल अफसरों से संपर्क करते रहे। लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अब अचानक 16 जनवरी को माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल के सहायक सचिव की ओर से स्कूलों को पत्र जारी कर विद्यार्थियों की सूची भेजी गई है। इसमें कहा गया है कि सूची में शामिल विद्यार्थियों को परीक्षा में बैठने की पात्रता नहीं होगी।
बुरहानपुर के 84 बच्चों
की सूची भेजी
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बुरहानपुर जिले के सरकारी-निजी स्कूलों के 84 विद्यार्थियों की सूची भेजकर उन्हें परीक्षा से वंचित करने की जानकारी दी है। इसमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल जसौंदी के 54, बुरहानपुर के पटेल रतिलाल बोरीवाला स्कूल के 28, मॉडल स्कूल फोफनार और शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल धूलकोट के एक-एक विद्यार्थी शामिल हैं। पटेल रतिलाल बोरीवाला स्कूल की छात्रा फिरदौस चिरागुद्दीन का ही फार्म ऑन लाइन स्वीकार किया गया। जबकि सभी विद्यार्थियों के फार्म एक साथ जमा किए गए थे।
बड़वानी में 12वीं कक्षा के भी 20 विद्यार्थी परीक्षा से वंचित : बड़वानी डीईओ एसआर अचाले के अनुसार यहां कक्षा 10वीं के करीब 20 विद्यार्थियों को परीक्षा से वंचित किया गया है। इसमें 4 विद्यार्थी सरकारी और 16 निजी स्कूलों के हैं। इसके अलावा कक्षा १२वीं के 20 विद्यार्थियों को भी अलग-अलग कारण बताकर परीक्षा से वंचित किया गया है। ये सभी 3 सरकारी और 1 निजी स्कूल के विद्यार्थी हैं। खंडवा में कक्षा १०वीं के ५५ विद्यार्थी परीक्षा से वंचित किए गए हैं। खरगोन के सभी विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा कंट्रोलर को कराया अवगत
॥जिले के 84 विद्यार्थियों के परीक्षा से वंचित होने का पत्र मिला है। परीक्षा कंट्रोलर भोपाल से चर्चा कर अवगत कराया है। फार्म भरने में प्राचार्यों ने गलती की है तो कार्रवाई उन पर की जाना चाहिए। अफसरों ने प्रदेश के करीब 8 हजार विद्यार्थियों के परीक्षा से वंचित होने की बात कही है।
आरएल उपाध्याय, डीईओ, बुरहानपुर
निकालेंगे कोई ना कोई हल
॥ इंदौर संभाग के करीब 800 विद्यार्थियों की सूची आई है। ये ऑन लाइन फार्म समय पर जमा नहीं होने के कारण परीक्षा से वंचित कर दिए गए हैं। अफसरों से बात की जा रही है। कोई न कोई हल निकाला जाएगा।
आर कश्यप, परीक्षा नियंत्रक, इंदौर
परीक्षा से इतने विद्यार्थी रहेंगे वंचित
बुरहानपुर 84
बड़वानी 20
खंडवा ५५
खरगोन -
वार्षिक परीक्षा नहीं दे पाएंगे दसवीं के कई विद्यार्थी