- Hindi News
- ये क्या है, अस्पताल में रोज सफाई क्यों नहीं कराते
ये क्या है, अस्पताल में रोज सफाई क्यों नहीं कराते
गंदगी देख नाराज हुए प्रभारी मंत्री
सिटी रिपोर्टर - रतलाम
गंदगी फैली है, क्या रोज सफाई नहीं होती? मरीज तो और बीमार हो जाते होंगे?
ये सवाल प्रभारी मंत्री पारस जैन ने गुरुवार को जिला अस्पताल में जिम्मेदारों पर दागे। वे दोपहर २.०० बजे अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने वार्डों के पीछे ड्रेनेज देखी तो दंग रह गए। साथ चल रहे अफसर किसी भी सवाल का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। लोगों ने बताया दो महीने से ड्रेनेज टूटी है। प्रभारी मंत्री ने व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। सिविल सर्जन डॉ. आनंद चंदेलकर ने कहा तीन-चार महीने में ड्रेनेज ठीक करा देंगे। इससे पहले सीएमएचओ डॉ. पुष्पेंद्र शर्मा सहित स्टाफ ने प्रभारी मंत्री की अगवानी की। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने वार्ड में जाकर मरीजों से बात की।
सम्मान के लिए दो घंटे परेशान
डाइग्नोसिस सेंटर में बालिका माता सम्मान के दौरान नवप्रसूताएं परेशान होती रही। प्रभारी मंत्री के लिए उन्हें दो घंटे से ज्यादा बैठना पड़ा। दोपहर 2 बजे बाद उनका सम्मान हुआ। प्रभारी मंत्री ने बेटियों को जन्म देने वाली माताओं के सम्मान को अनुकरणीय बताया। कलेक्टर राजीव दुबे ने रूपरेखा बताई। रेडक्रॉस सोसायटी के पूर्व चेयरमैन महेंद्र गादिया ने बताया 14 सितंबर 12 से कार्यक्रम चल रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित, समाजसेवी सुषमा श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। संचालन पार्षद सीमा टांक ने किया।
जिला अस्पताल का जायजा लेते प्रभारी मंत्री ।