आरपीएफ जवानों ने यात्री को पीटा
सिटी रिपोर्टर - रतलाम
तीन आरपीएफ जवानों ने जनरल कोच में सवार एक यात्री से टिकट होने के बावजूद आईडी प्रूफ मांगा। नहीं दिखाने पर रुपए मांगे। यात्री ने इनकार किया तो पीट दिया। वारदात साबरमती एक्सप्रेस की है। जीआरपी ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार दशरथ भाटिया निवासी बाराखेड़ा ((पिपलौदा)) नागदा जाने के लिए रतलाम से साबरमती एक्सप्रेस में 21 जनवरी की रात जनरल कोच में सवार हुए थे। ट्रेन चलते ही आरपीएफ के तीन जवान कोच में चढ़े। गरम कपड़े पहने होने से उनके बेच नहीं दिखे। उन्होंने कोच के गेट लगा दिए और दशरथ को एक तरफ ले गए। टिकट मांगा। दशरथ ने टिकट ((एक्स 70087799)) दिखा दिया। जवानों ने आईडी प्रूफ मांगा। आईडी प्रूफ नहीं होने पर रुपए मांगे। रुपए नहीं दिए तो पीट दिया। अन्य यात्रियों के साथ भी ऐसा किया। नागदा पहुंचने पर दशरथ ने जीरआरपी थाने में शिकायत की। वहां से शुक्रवार को रिपोर्ट रतलाम जीआरपी थाने आई।
कोई भी हो कार्रवाई होगी
जीआरपी थाना प्रभारी आर.सी.एस. परिहार ने बताया फरियादी आरपीएफ जवान होने की बात कह रहा है। उसे बुलाकर हुलिया पूछा जाएगा। मारपीट व वसूली हुई है। कोई भी हो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।