मटर के कम दाम पर किसानों का चक्काजाम
ञ्चदाम ३ रुपए किलो मिलने से नाराज थे किसान
सिटी रिपोर्टर. रतलाम
मटर के भाव शनिवार को मंडी में ३ रुपए किलो रहे। इससे किसान नाराज हो गए और सैलाना बस स्टैंड मंडी के सामने सड़क पर बैठ गए। पुलिस ने लाठियां घुमाकर रास्ता खुलवाया। तहसीलदार के समझाने पर मामला शांत हुआ।
शनिवार को मटर की 200 से अधिक लोडिंग गाडिय़ां आईं। बंपर आवक से शास्त्रीनगर व पावर हाउस रोड वाले मंडी गेट पर वाहनों की कतार लग गई। किसानों को उम्मीद थी ६ रुपए किलो भाव मिलेगा। लेकिन नीलामी में 3 रुपए किलो भाव मिला तो किसान भड़क गए। कमजोर मटर का भाव २ रुपए था। नाराज किसानों ने शाम 4 बजे मंडी गेट बंद कर दिया और सड़क पर बैठ गए। आधे घंटे तक पावर हाउस रोड पर जाम लगा रहा। दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
पुलिस ने फटकारी लाठियां
मंडी की सूचना पर शाम 4.45 बजे तहसीलदार वीरेंद्र कटारे, स्टेशन रोड थाना टीआई राजेश सिंह चौहान पहुंचे। किसानों को सड़क से हटाने के लिए लाठियां घुमाई और सड़क पर ट्रैफिक शुरू करवाया।
रात तक चली नीलामी- तहसीलदार, टीआई व किसान नेता डी.पी. धाकड़ ने किसानों को समझाइश दी। तहसीलदार ने बताया स्थानीय व्यापारियों ने भाव कम नहीं किए। भाव अन्य प्रदेशों में मांग के अनुसार तय होते हैं। आगे की मंडियों में भाव बढ़ेंगे तो यहां भी भाव अच्छे मिलेंगे। इसके बाद देर रात तक मटर की नीलामी चली।
सड़क पर बैठकर किसानों ने किया चक्काजाम।