वसूली दल पर तलवार निकाली
सिटी रिपोर्टर - रतलाम
बकाया बिल वसूलने गए बिजली कंपनी के दल पर ग्रामीणों ने तलवार निकाल ली। दल प्रभारी ने बिलपांक
थाने में शिकायत की।
घटना सिमलावदा की है। शंभूसिंह पिता आंबाराम पर बिजली बिल के 7,238 रुपए बकाया हैं। कनिष्ठ यंत्री राजप्रताप सिंह के नेतृत्व में दल शंभूसिंह के घर पहुंचा था। बिल की राशि मांगी तो शंभूसिंह घर से तलवार ले आया। कर्मचारियों ने जैसे-तैसे जान बचाई।
शासकीय कार्य में बाधा- डीई लक्ष्मणसिंह ने बताया गांव में फ्रेंचाइजी की बिजली है। फ्रेंचाइजी अध्यक्ष भरतलाल पाटीदार व कर्मचारी शंभूसिह से बिल की मांग कर रहे थे। भुगतान नहीं होने पर टीम गांव भेजी थी। टीम पर हमला शासकीय कार्य में बाधा है।
टीआई आर.सी. कोली ने बताया जेई की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने व मारपीट का प्रकरण दर्ज किया।