पुराने नोट बदलना शुरू
सिटी रिपोर्टर - रतलाम
आपकी जेब, आलमारी एवं लॉकर में रखे नोटों को फिर जांच लें। नोटों पर सन नहीं लिखा है तो ये नोट 2005 के पहले के हैं। आप इन्हें 27 बैंकों की 114 शाखाओं में जाकर कभी भी बदलवा सकते हैं। आरबीआई के निर्देशों के चलते बैंकों ने नोट बदलने का काम शुरू कर दिया है। 31 मार्च के पहले यह बदलवाए जा सकते हैं।
एटीएम से निकल रहे पुराने नोट-बैंकों ने नोट बदलना शुरू कर दिए हैं। बावजूद एटीएम से पुराने नोट ही निकल रहे हैं। एसबीआई सहित अन्य बैंकों के एटीएम से 2005 के पहले के 100 व 500 रुपए के नोट निकल रहे हैं।
ज्यादा दिक्कत व्यापारियों को
आरबीआई के फरमान से सबसे ज्यादा दिक्कत बड़े व्यापारियों को होगी। टर्नओवर लाखों में होने से इनके पास रोज नोटों की गड्डियां आती हैं। ऐसे में उन्हें पुराने नोट चैक कर निकालने में दिक्कत होगी। नतीजतन पुराने नोट चलन से बाहर होने में तय सीमा से काफी ज्यादा वक्त लग सकता है। बैंक अधिकारी भी इसे स्वीकार रहे हैं।
ये नोट बदलेंगी बैंकें- 10, 20, 50, 100, 500 या 1000 रुपए।
यहां भी समस्या
सराफा बाजार में रोज 4 से 5 करोड़ रुपए का कारोबार होता है। यह कारोबार नकद होता है ऐसे में दिक्कत संभव है। सराफा व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष झमक भरगट ने बताया व्यापारी सभी तरह के नोट ले रहे हैं। एक-एक नोट की जांच करने बैठेंगे तो काफी समस्या होगी।
यहां भी असर - कपड़ा व बर्तन, किराना बाजार, कृषि मंडी से जुड़े व्यापारियों को समस्या का सामना करना पड़ेगा।
हरमाला रोड पर शुरू किया एटीएम।
सन् नहीं है यानी ये 10 रुपए का नोट 2005 से पहले का है और चलन से बाहर होगा।