किताब पर ‘नॉट फॉर सेल’, कीमत 65 रुपए
सिटी रिपोर्टर - रतलाम
एलकेजी की ‘नॉट फॉर सेल’ की सील लगी किताब के एक दुकानदार ने 65 रुपए ले लिए और मांगने पर बिल भी नहीं दिया। ग्राहक ने आपत्ति ली तो कहा किताब बदल कर ले लो। घटना गुरुवार रात 8 बजे ज्योति होटल के पास अरविंद्राज स्टेशनरी की है। एक ग्राहक ने एलकेजी मैथमेटिक्स की किताब ली जिसके विक्रेता ने 65 रुपए लिए। किताब पर नॉट फॉर सेल की सील लगी होने से ग्राहक ने बिल मांगा तो विक्रेता ने देने से इनकार कर दिया। जब पूछा नॉट फॉर सेल की किताब क्यों बेच रहे हो तो विक्रेता ने तुरंत बदलने का कहा। उसने दूसरी किताब निकाली जिसमें नॉट फॉर सेल की सील नहीं थी। दुकान संचालक प्रवीण चौपड़ा ने बताया सेल्समैन के जरिये कुछ डिफेक्टिव पीस आ जाते हैं। हम बदलकर देने को तैयार हैं। जिला शिक्षा केंद्र के डीपीसी एम.के. चौबे ने बताया जांच की जाएगी। दुकानदार की गड़बड़ी हुई तो कार्रवाई करेंगे।