नव विवाहिता डॉक्टर ने की आत्महत्या
सिटी रिपोर्टर - मंदसौर
वेदांत विहार में गुरुवार रात एक नव विवाहिता डॉक्टर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन ने पुलिस को सूचना दी। सुबह रतलाम से पहुंचे एफएसएल अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया। राजगढ़ से मंदसौर पहुंचे मायके पक्ष के लोग आत्महत्या को लेकर सकते में हैं। दोपहर को उन्होंने सीएसपी सी.पी.सिंह ठाकुर को बयान दिए। उन्होंने ससुराल पक्ष वालों से किसी प्रकार शिकायत नहीं होने की बात कही।
नई आबादी पुलिस ने बताया गुरुवार रात वेदांत विहार निवासी प्रियंका पति विशाल जैन ((२६)) ने पंखा लटकाने के कड़े पर चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय प्रियंका घर में अकेली थी। सास ससुर मांगलिक आयोजन में गए थे। पति विशाल दुकान पर था। रात १० बजे परिजन घर पहुंचे तो दरवाजा बंद था। दरवाजा नहीं खुला तो धक्का देकर खोला। अंदर प्रियंका फंदे पर झूल रही थी। पड़ोसियों को बुलाकर पुलिस को सूचना दी। शुक्रवार सुबह रतलाम से एफएसएल अधिकारियों की टीम पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल ने बताया घटना में संदेह है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। हमने घटनास्थल व फोटोग्राफ ही देखे हैं।
प्रैक्टिस शुरू करना थी- भाई प्रियश ने बताया प्रियंका शादी से पहले राजगढ़ में प्रैक्टिस करती थीं। २ जून २०१३ को शादी हुई थी। यहां भी प्रैक्टिस शुरू करने वाली थी।
प्रियंका पति विशाल जैन के साथ।