सागर को इंदौर की तर्ज पर विकसित करेंगे
नगर संवाददाता. सागर
उपचुनाव में निर्वाचित नगर निगम सागर की महापौर पुष्पा शिल्पी के शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश के तीन मंत्रियों ने सार्वजनिक समारोह में जनता को भरोसा दिलाया है कि अब सागर का विकास इंदौर की तर्ज पर कराया जाएगा। बुधवार को पंचायत मंत्री गोपाल भार्गव, स्थानीय शासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय तथा जिले के प्रभारी एवं लोक स्वास्थ्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने अपने भाषणों में कहा अब सागर का विकास होकर रहेगा। पीटीसी मैदान पर हुए समारोह में कलेक्टर योगेंद्र शर्मा ने महापौर श्रीमती पुष्पा शिल्पी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
:सागर शहर नहीं बड़ा गांव: कैलाश विजयवर्गीय
समारोह के मुख्य अतिथि स्थानीय शासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि सागर शहर नहीं, बल्कि एक बड़े गांव की तरह है। इस बड़े गांव को बेहतर शहर बनाना है। उन्होंने कहा कि सागर जिले से दो मंत्री हैं। इसके अलावा नरोत्तम मिश्रा यहां के प्रभारी मंत्री बनाए गए हैं। सब मिलकर काम करेंगे। कुछ प्रयास मेरा भी होगा। सागर का विकास अभी नहीं हुआ, तो शायद कभी नहीं हो पाएगा। विजयवर्गीय ने कहा कि एक साल में सागर का नक्शा बदल देंगे। बशर्ते राजनेताओं को मन पक्का करना होगा। शहर का विकास राजनीति से ऊपर उठकर ही किया जा सकता है।
: 10 माह में 4 साल का गड्ढा भरना है- गोपाल भार्गव
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि महापौर पद पर निगम में पिछले चार साल में कुछ न कुछ कारणों से अनिश्चितता बनी रही, जिससे शहर का विकास नहीं हो सका। अब 10 माह में 4 साल का गड्ढा भरने का काम विकास के माध्यम से करना है। भार्गव ने कहा कि महापौर उपचुनाव की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री व पार्टी ने मुझे दी थी। एक तरह से इस चुनाव में मेरी प्रतिष्ठा भी दांव पर थी, लेकिन कार्यकर्ताओं की मेहनत से चुनाव जीता। उन्होंने कहा कि स्थानीय शासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के अनुभव का लाभ लेते हुए सागर को इंदौर की तर्ज पर विकसित करने का काम किया जाएगा।
: हर माह आता रहूंगा सागर- नरोत्तम मिश्रा
जिले के प्रभारी एवं संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि वे प्रभारी मंत्री के नाते हर माह सागर आते रहेंगे। उन्होंने कहा कि सागर की जनता ने उपचुनाव में भाजपा की महापौर बनाकर वाकई सही निर्णय लिया है। अब हम सभी की जिम्मेदारी है कि शहर का समग्र विकास हो। लोक स्वास्थ्य मंत्री मिश्रा ने शहर विधायक की मांग पर आयुर्वेद कर्मचारियों की समस्याएं निपटाने का कोई न कोई रास्ता निकालने का आश्वासन दिया। उन्होंने सागर के विकास में हर संभव सहयोग का वचन दिया।
: विकास में कोई बाधा नहीं आएगी- शैलेंद्र जैन
शहर विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि अब सागर के विकास को पंख लगाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के चार मंत्रियों का सानिध्य हमें मिला है इसलिए अब विकास में कोई बाधा नहीं आएगी। उन्होंने स्थानीय शासन मंत्री के समक्ष कम्युनिटी हॉल के लिए 10 करोड़ की राशि देने, सड़कों के लिए बड़ी राशि देने सहित अन्य विकास कार्यों की स्वीकृति देने की मांगें रखीं। संचालन पार्षद राजबहादुर सिंह ने किया व आभार महापौर पुष्पा शिल्पी ने माना।
कार्यक्रम में विधायक पारूल साहू, निगम अध्यक्ष विनोद तिवारी, पूर्व महापौर अनीता अहिरवार, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष लता वानखेड़े, जिलाध्यक्ष सरोज भूपेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह मोकलपुर, संजय द्विवेदी, शैलेष केशरवानी, याकृति जडिय़ा, प्रदीप पाठक, प्रदीप राजौरिया, राजेश सैनी, काजी वहाबउद्दीन आदि सहित सभी पार्षद व पदाधिकारी मौजूद थे।