पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • निर्भया पेट्रोलिंग को भोपाल में रिस्पांस, अब पूरे प्रदेश में लागू होगा प्रोजेक्ट

निर्भया पेट्रोलिंग को भोपाल में रिस्पांस, अब पूरे प्रदेश में लागू होगा प्रोजेक्ट

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
राजकुमार प्रजापति - सागर
सागर। भोपाल में महिला पुलिस द्वारा मजनुओं को सबक सिखाने के लिए सुबह से देर रात तक की जा रही निर्भया पेट्रोलिंग की सफलता को देखते हुए इस प्रोजेक्ट को अब पूरे प्रदेश में लागू किया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय से सभी पुलिस अधीक्षकों को जल्द से जल्द वाहन के साथ निर्भया पेट्रोलिंग टीम गठित करने के आदेश जारी किए गए हैं। सागर में इस पर अमल शुरू कर दिया गया है। भोपाल पुलिस ने दिल्ली गैंगरेप के एक साल बाद 16 दिसंबर को एक प्रयोग के तौर पर निर्भया पेट्रोलिंग मोबाइल शुरू कराई थी। महिला उप निरीक्षक के नेतृत्व में 3-4 महिला पुलिस कर्मियों की एक टीम बनाई गई। उन्हें अलग से एक वाहन उपलब्ध कराया गया। दो मोबाइल नंबर दिए गए।
टीम सुबह 9.30 बजे से रात्रि 10 बजे तक लगातार पेट्रोलिंग करते हुए स्कूल, कॉलेज, हॉस्टल, पार्क, बाजार व महिलाओं व छात्राओं के आवाजाही वाले अन्य स्थानों के आसपास पेट्रोलिंग कर रही है। इस सेवा को लेकर शहर में खूब प्रचार-प्रसार हुआ। पेट्रोलिंग के दौरान टीम ने कई बार मनचलों को सबक भी सिखाया। इसका अच्छा रिस्पांस आया। दिए गए मोबाइल नंबरों पर महिलाएं व छात्राएं की शिकायतें लगातार आ रही थीं। इस व्यवस्था से उन्हें राहत भी मिली। यह टीम सीएसपी व महिला थाना प्रभारी के नियंत्रण में काम कर रही है। भोपाल निर्भया टीम की प्रभारी उपनिरीक्षक नमिता साहू सागर की ही रहने वाली हैं। एडीजी, महिला अपराध प्रकोष्ठ अरुणा मोहन राव ने पुलिस अधीक्षकों को भोपाल की तर्ज पर अपने-अपने जिले में निर्भया पेट्रोलिंग वाहन के साथ टीम गठित करने तथा मोबाइल नंबर व वाहन नंबर की जानकारी देने को कहा है।



स्कूल, कॉलेज, हॉस्टल व सार्वजनिक स्थानों के आसपास मजनुओं पर नजर रखेगी महिला पुलिस की टीम