पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सदर रेड ए और सदर इलेवन की टीमें जीतीं

सदर रेड ए और सदर इलेवन की टीमें जीतीं

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर संवाददाता. सागर
कजलीवन मैदान पर चल रही भारत रत्न राजीव गांधी 14वीं फुटबॉल प्रतियोगिता में बुधवार को दो मुकाबले हुए। इनमें सदर रेड ए और सदर इलेवन की टीमों ने अपने-अपने मुकाबले जीते। दिन के पहले मुकाबले में सदर रेड ए और न्यू ब्लूज क्लब के बीच भिड़ंत हुई। पहले हाफ में सदर रेड ए के खिलाडिय़ों ने अनुभव का लाभ उठाते हुए नवोदित न्यू ब्लूज क्लब पर छोटे-छोटे पास द्वारा गोल करने के प्रयास किए, लेकिन न्यू ब्लूज क्लब की रक्षापंक्ति मजबूत रही। 22वें मिनट में सदर रेड ए के खिलाड़ी विशाल तोमर ने कॉर्नर हेड द्वारा खूबसूरत गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले हाफ में स्कोर यही रहा। दूसरे हाफ में सदर रेड ए पर न्यू ब्लूज के खिलाडिय़ों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। उन्हें गोल करने का मौका भी मिला, लेकिन सदर रेड ए के गोलकीपर ने बढिय़ा बचाव किया। दूसरे हाफ के 23वें मिनट में सदर रेड ए के खिलाड़ी मोहम्मद जावेद ने एक और गोल कर मुकाबले में टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी। सदर रेड ए 2-0 से जीता। दिन का दूसरा मुकाबला, सदर इलेवन और रॉक स्टार के बीच हुआ। हल्की बारिश के बावजूद मुकाबला जारी रहा। पहले हाफ के 17वें मिनट में मुजीब ने गोल कर सदर इलेवन को मुकाबले में 1-0 की बढ़त दिला दी। पलटवार करते हुए 24वें मिनट में रॉक स्टार के खिलाड़ी टिंकल खान ने गोल कर मुकाबला 1-1 कर दिया। पहले हाफ में मुकाबला बराबरी और रोमांचक रहा। दूसरे हाफ में दोनों ही टीमों ने बराबरी का खेल दिखाया। 19वें मिनट में सदर इलेवन के खिलाड़ी मोहम्मद सलीम ने मैदानी गोल कर टीम को 2-1 की महत्वपूर्ण बढ़त दिला दी, जो मैच समाप्ति तक बनी रही। निर्णायक डीएस भाटिया, मोहम्मद गुफरान, मोहम्मद फिरोज, गनपत सिंह, डैनी केशरवानी, शेख कय्यूम खान रहे।
आज दो मुकाबले
मीडिया प्रभारी हेमराज बंसल ने बताया कि गुरुवार को पहला दोपहर 2 बजे से मुकाबला टाइटन क्लब और मून स्टार के बीच होगा। दिन के दूसरे मैच में दोपहर 3.30 बजे से न्यू ब्लूज और न्यू स्टार क्लब के बीच भिड़ंत होगी।