- Hindi News
- पहली पारी में बढ़त के आधार पर शेष मध्यप्रदेश को 2 अंक
पहली पारी में बढ़त के आधार पर शेष मध्यप्रदेश को 2 अंक
नगर संवाददाता.सागर
बम्हौरी स्थित एमपीसीए मैदान पर चल रहे कनमाडीकर ट्रॉफी के मुकाबले में पहली पारी की बढ़त के आधार पर शेष मध्यप्रदेश की टीम को 2 अंक मिले। मेजबान सागर डिवीजन की टीम को 1 अंक से संतोष करना पड़ा। शेष मध्यप्रदेश की टीम ने पहली पारी में 415 रन बनाए थे। इसके जवाब में मध्यप्रदेश की पहली पारी 208 रनों पर ही सिमट गई। टीम को फॉलोऑन खेलना पड़ा। इससे पहले सुबह जब अंतिम दिन का खेल शुरू हुआ, उस समय सागर की टीम का स्कोर 9 विकेट के नुकसान पर 179 रन था। टीम को फॉलोऑन बचाने के लिए 86 रनों की आवश्यकता थी, जबकि अंतिम जोड़ी मैदान में थी। कुलदीप एवं हर्ष झंवर ने प्रयास तो किया, उन्होंने अंतिम विकेट के लिए अच्छी साझेदारी की, लेकिन वह फॉलोऑन नहीं बचा सके। हर्ष झंवर ने 48 रनों की बेहतरीन पारी खेली। दूसरी पारी में जब सागर की टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 94 रन बना लिए थे, उस समय दोनों टीमों के कप्तान एवं अंपायरों की सहमति से मैच समाप्ति की घोषणा कर दी गई। सागर के लिए दूसरी पारी में अभिषेक परदेशी ने नाबाद 32 रनों की पारी खेली। अंपायरिंग विजय वाजपेयी एवं शैलेष श्रीवास ने की। स्कोरर नितिन पांडे रहे। सागर डिवीजन के सचिन तिवारी ने बताया कि सागर डिवीजन का अगला मुकाबला 29 जनवरी से रीवा में होगा।
क्रिकेट: मेजबान सागर डिवीजन को 1 अंक से करना पड़ा संतोष