पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • लिपिक से हाथापाई की फिर कक्ष से बाहर निकालकर ताला डाल दिया

लिपिक से हाथापाई की फिर कक्ष से बाहर निकालकर ताला डाल दिया

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर संवाददाता - सागर
डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय के जूलॉजी विभाग में विभागाध्यक्ष जनक दुलारी आही और प्रोफेसर यूएस गुप्ता की निम्न श्रेणी लिपिक पीएन कुर्मी से मामूली विवाद को लेकर हाथापाई हो गई। इसके बाद विभागाध्यक्ष ने लिपिक को कक्ष से बाहर निकालकर ताला डाल दिया। मामला रजिस्ट्रार अनूप केशवदेव पुजारी तक पहुंच गया है।
निम्न श्रेणी लिपिक द्वारा रजिस्ट्रार से की गई शिकायत में कहा गया है कि बुधवार को वह ((पीएन कुर्मी)) विभाग में अपने कक्ष में काम कर रहा था। इसी दौरान शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रभारी निदेशक प्रो. यूएस गुप्ता आ गए। उन्होंने कक्ष में उदय तिवारी ((विवि के पूर्व छात्र)) के बैठे होने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इसे यहां क्यों बैठा रखा है। इसका जवाब देने पर वे और भड़क गए। उन्होंने कर्मचारी का गिरहबान ((कॉलर)) पकड़कर जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान मौके पर जूलॉजी की विभागाध्यक्ष जनक दुलारी आही पहुंच गई। उन्होंने भी कुछ पता करने के बजाय कर्मचारी के गाल पर चांटे रसीद कर दिए और कक्ष से बाहर निकालकर ताला डाल दिया। कर्मचारी पीएन कुर्मी का कहना है कि कार्यालय में रखी अलमारी में उसके डेढ़ हजार रुपए तथा महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हैं। इनके गुम होने पर सारी जिम्मेदारी प्रो. यूएस गुप्ता तथा विभागाध्यक्ष जनक दुलारी आही की होगी।
मुझे कुछ नहीं कहना
इस संबंध में जानकारी के लिए जब शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रभारी निदेशक प्रो. यूएस गुप्ता से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। उनका कहना था कि यह विश्वविद्यालय का मामला है। विश्वविद्यालय में ही निपटा लिया जाएगा।




सागर । घटना के बाद विभागाध्यक्ष ने कक्ष में ताला डाल दिया है।

रजिस्ट्रार से कार्रवाई की मांग की है

कर्मचारी संघ ने मामले की शिकायत रजिस्ट्रार अनूप केशवदेव पुजारी से की है। शिकायत में मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है। कार्रवाई नहीं किए जाने पर आंदोलन करने तथा मानव अधिकार आयोग में शिकायत या फिर कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की चेतावनी दी गई है।

- संदीप वाल्मीकि,

अध्यक्ष, डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ

सागर । विश्वविद्यालय के जूलॉजी विभाग का बंद पड़ा वह कक्ष जिसमें निम्न श्रेणी लिपिक बैठता है।