- Hindi News
- अनाज व्यापारियों की हड़ताल शुरू, मंडी में सन्नाटा
अनाज व्यापारियों की हड़ताल शुरू, मंडी में सन्नाटा
नगर संवाददाता - सागर
खाद्य सुरक्षा अधिनियम के विरोध में गुरुवार से अनाज एवं तिलहन व्यापारियों ने बेमियादी हड़ताल शुरू कर दी। हड़ताल के चलते सागर, खुरई, बीना, देवरी, राहतगढ़ सहित जिले की सभी कृषि उपज मंडियों में पूरे दिन सन्नाटा रहा।
सागर स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में कर्मचारियों के अलावा कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। हम्माल भी दिन भर नदारद रहे। अनाज एवं तिलहन व्यापारियों का कहना है कि मांग पूरी होने के बाद कारोबार शुरू करेंगे। व्यापारियों के हड़ताल पर चले जाने से गुरुवार को मंडी में किसान नहीं आए। अनाज की खरीद-फरोख्त पूरी तरह बंद रही।
किसानों को इस हड़ताल की भनक तीन दिन पहले मंगलवार को मिल गई थी। इसलिए वे गुरुवार को मंडी की तरफ आए ही नहीं। क्योंकि उस दिन भी व्यापारियों ने किसानों की सोयाबीन, चना, मसूर व गेहूं की उपज लेने के लिए बोली नहीं लगाई थी। व्यापारियों ने उस दिन किसानों से कहा कि उनका माल अच्छा नहीं है। उपज घुन लगी हुई है साथ ही उसमें मिट्टी भी अधिक है।