पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंकजलीवन मैदान पर चल रही भारत रत्न राजीव गांधी 14वीं फुटबॉल प्रतियोगिता में गुरुवार का दिन एक तरफ यादगार रहा, वहीं फुटबॉल के लिए दुर्भाग्यपूर्ण भी रहा। दिन के पहले मुकाबले में मून स्टार क्लब के समर्थकों ने टाइटन क्लब के खिलाडिय़ों के साथ मारपीट कर दी, वहीं दूसरे मुकाबले में न्यू स्टार क्लब के खिलाड़ी मोहम्मद इरफान ने टूर्नामेंट की पहली हैट्रिक जमाते हुए टीम को 6-0 की बड़ी जीत दिलाई।
मुकाबले के पहले हाफ के 9वें, ११वें और १९वें मिनट में न्यू स्टार के खिलाड़ी मोहम्मद इरफान ने गोल दागते हुए न सिर्फ अपनी हैट्रिक बनाकर स्कोर 3-0 कर दिया। दूसरे हाफ में न्यू स्टार के ही मोहम्मद सलमान के दो और मोहम्मद अकरम के एक गोल की मदद से टीम ने मुकाबला 6-0 से जीत लिया।
टीम की बढ़त के बावजूद दर्शकों ने खोया आपा : इससे पहले दिन के पहले मुकाबले में उस समय अप्रिय स्थिति बन गई जब मून स्टार क्लब की टीम टाइटन क्लब के खिलाफ 2-1 की बढ़त हासिल किए थे। मैच खत्म होने में महज 2 मिनट का ही समय बचा था कि मून स्टार क्लब के दर्शकों ने आपा खो दिया।
मीडिया प्रभारी हेमराज बंसल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक मून स्टार क्लब के समर्थकों ने टाइटन क्लब के खिलाडिय़ों के साथ मारपीट की। काफी देर तक मैच रुका रहा। इसके बाद तय हुआ कि मैच निर्णायक एवं मैच कमिश्नर की रिपोर्ट पर निर्णय जिला फुटबॉल संघ लेगा।
दोनों ही टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण था। जो भी टीम यह मुकाबला जीतती, उसका क्वार्टर फाइनल में पहुंचना तय था, संभवत: इसी गहमागहमी में टीम के समर्थक अपना आपा खो बैठे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.