व्यापारियों की हड़ताल से मंडी बंद रही
नगर संवाददाता - सागर
अनाज एवं तिलहन व्यापारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को भी रही। इससे सागर सहित जिले की सभी मंडियों में अनाज व तिलहन की खरीदी का काम दूसरे दिन ठप रहा। मंडी के सारे अनाज व्यापारी खाद्य सुरक्षा अधिनियम के विरोध में गुरुवार से बेमियादी हड़ताल पर चले गए हैं। शुक्रवार को व्यापारियों ने अपनी दुकानें तो खोली। लेकिन मंडी परिसर में नहीं गए पर पूरे दिन अपने काम में लगे रहे।
सागर अनाज व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेश साहू ने बताया बेमियादी हड़ताल अभी तो जारी रहेगी। इसके तहत सागर, खुरई, बीना, देवरी, राहतगढ़ सहित जिले भर की सभी कृषि उपज मंडियों में व्यापारी किसानों से माल खरीदने के लिए डाक प्रकिया में शामिल नहीं होंगे। कृषि उपज मंडी परिसर में दूसरे दिन भी कर्मचारियों को छोड़ कोई भी नहीं पहुंचा। हम्माल आए कुछ देर रुकने के बाद वे मंडी परिसर से बाहर चले गए। किसान तो आए ही नहीं। सागर अनाज एवं तिलहन व्यापारी संघ के अनुसार व्यापारियों की हड़ताल अब लाइसेंस से मुक्त रखने की मांग पूरी होने तक जारी रहेगी।
चर्चा के लिए तैयार नहीं हुए
हड़ताल के सिलसिले यहां व्यापारी किसी भी तरह की चर्चा में हिस्सा लेने के लिए तैयार नहीं हैं। क्योंकि व्यापारियों का मानना है उनका आंदोलन मप्र अनाज-तिलहन व्यापारी महासंघ के आव्हान पर प्रदेश की सभी मंडियों में चल रहा है। महासंघ और शासन के बीच भोपाल में बैठक भी हो चुकी है।
- एचडी अहिरवार सचिव, सागर कृषि उपज मंडी