- Hindi News
- छात्रों के लिए बस और डॉक्टरों के लिए लग्जरी कार आएंगी
छात्रों के लिए बस और डॉक्टरों के लिए लग्जरी कार आएंगी
अस्पताल में १०८ एंबूलेंस के लिए प्रबंधन से चर्चा की जाएगी
नगर संवाददाता - सागर
बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में लैब टेक्नीशियनों की आउटसोर्स से भर्ती करने के प्रस्ताव को कार्यपरिषद की बैठक में खारिज कर दिया गया है। दूसरी ओर निलंबित चल रहे प्रशासनिक अधिकारी आरआरएस रघुवंशी की बहाली के प्रस्ताव को भी खारिज कर दिया गया है।
कमिश्नर आरके माथुर की अध्यक्षता में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज कार्यपरिषद की बैठक शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे से शुरू हुई। बैठक में कई प्रस्ताव को सहमति के बाद स्वीकृति दी गई है। इसमें कॉलेज में स्टूडेंट्स को लाने-ले जाने, कॉलेज टूर आदि के लिए बस खरीदने के प्रस्ताव सहित डीन, अस्पताल अधीक्षक, इमर्जेंसी ड्यूटी के लिए डॉक्टरों को लाने ले जाने के लिए लग्जरी वाहन अनुबंध के माध्यम से लगाने सहित अस्पताल के लिए एंबुलेंस लगाने के प्रस्ताव का हरी झंडी दी गई है। लैब टेक्नीशियन मामले में आउटसोर्स से भर्ती के प्रस्ताव पर हाईकोर्ट में मामला विचाराधीन होने का हवाला देते हुए इसे खारिज कर दिया गया। सूत्रों के मुताबिक कार्यपरिषद में निलंबित प्रशासनिक अधिकारी के बहाली के प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान भी संबंधित मामले के हाईकोर्ट में विचाराधीन होने के कारण इसे फिलहाल आगे बढ़ा दिया गया है। अस्पताल में एंबुलेंस के लिए 108 प्रबंधन से चर्चा के कर एंबुलेंस लगाने पर सहमति जताई गई। कॉलेज के लिए राजघाट के पानी के लिए पूर्व में स्वीकृत प्रस्ताव की प्रगति की रिपोर्ट में बात सामने आई की पीएचई द्वारा लाइन डालने में देरी की जा रही है। इस पर कमिश्नर श्री माथुर ने पीएचई के ईई से इसकी प्रगति की जानकारी ली। इसमें बताया गया कि तिली तिराहे तक लाइन बिछाई जा चुकी है। तिली मार्ग निर्माणाधीन होने के कारण काम रुका हुआ है। इस पर श्री माथुर से पीएचई के अधिकारियों से सड़क निर्माण से जुड़े ठेकेदार व संबंधित विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर सड़क निर्माण व साथ-साथ पाइन लाइन बिछाने के निर्देश दिए। ईटीपी प्लांट परिचालन के मामले में टेंडर के माध्यम से नया ठेका स्वीकृत करने, अस्पताल केंटीन, वाहन स्टैंड के टेंडर जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए गए।
खामियों को लेकर
जताई नाराजगी
एमसीआई के निरीक्षण के मद्देनजर अस्पताल भवन में खामियों को लेकर कमिश्नर आरके माथुर ने नाराजगी जताते हुए हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों को 15 दिन अधूरे काम पूरे करने के निर्देश दिए। बीएमसी से अनुबंधित ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र बंडा में इंटर्न हॉस्टल विकसित करने के लिए डेनिडा भवन स्वास्थ्य विभाग से टेकओवर करने का निर्णय लिया गया। दोनों काम जल्द से जल्द करने कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए।बैठक करीब शाम 6 बजे तक चली। इसमें डीन डॉ. एलपी वर्मा, बीएमसी अधीक्षक डॉ. आरएस वर्मा, सिविल सर्जन, प्रोफेसर जीएस व्यास सहित ईसी के सभी सदस्य मौजूद थे।
कार्यपरिषद की बैठक में कई प्रस्ताव को मंजूरी दी गई