बादल छाए रहे, ठंड भी रही
सागर - शुक्रवार को सुबह बूंदाबांदी हुई। दोपहर बाद हल्की धूप भी निकली। लेकिन बादल दिन भर छाए रहे। इससे ठिठुरन पूरे दिन बरकरार रही। सर्दी के मौसम में पिछले चार दिन से हो रही बारिश के कारण शुक्रवार को भी दिन में तापमान, सामान्य से कम था। आगामी 24 घंटे के दौरान इसमें ज्यादा गिरावट नहीं आएगी। हल्के बादल छाए रहेंगे। बादल और शीतलहर की वजह से अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री रहा। यह दिन के सामान्य तापमान के मुकाबले 4.0 डिग्री कम था। वहीं रात में न्यूनतम तापमान, सामान्य ही रहा। पिछले 24 घंटे के दौरान शहर में 10.8 मिमी बारिश हुई। इसे मिला कर जनवरी में अब तक कुल 54.2 मिमी यानि दो इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग के मुताबिक अब ज्यादा बारिश नहीं होगी। कहीं - कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।