- Hindi News
- दीवार और कांच पर लगे निशानों के सेंपल ले गई एक्सपर्ट टीम
दीवार और कांच पर लगे निशानों के सेंपल ले गई एक्सपर्ट टीम
कार्यालय संवाददाता - बीना
शहर में लगातार दो दिन हुई गोलीबारी की जांच के लिए शुक्रवार को सागर से एफएसएल एक्सपर्ट आए और तीनों घटनास्थलों का मुआयना किया। जांच में पता चला कि बापट कॉम्प्लेक्स में तीन नहीं, चार गोलियां चलाई गई थीं। एक्सपर्ट्स कुछ सेंपल लेबोरेटरी ले गए हैं और सात दिन में जांच रिपोर्ट आने पर पूरे मामले में खुलासे की बात कही है।
शुक्रवार की दोपहर एफएसएल एक्सपर्ट्स ने आचवल वार्ड में भाजपा नगर महामंत्री भूपेंद्र सिंह के घर का निरीक्षण किया और कांच, दीवार पर लगे निशानों को चैक किया। इसके बाद टीम बापट कॉम्प्लेक्स पहुंची जहां ग्राउंड एवं सेकंड फ्लोर के कांच पर लगे गोलियों के निशानों को चैक कर गोलियां चलाने का एंगल का अंदाजा लगाया। यहां से टीम नंदन वॉटिका स्थित विनोद राय के घर पहुंची जहां कांच में गन पावडर को चैक किया।
क्या था गोलीबारी का मकसद ?
घटना को लेकर संशय अभी भी बना है। दो रात में तीन अलग-अलग जगह गोलियां चलाने का उद्देश्य पुलिस की समझ में नहीं आ रहा है। पुलिस के अनुसार गोलियां ३० बोर की हैं जिनके खाली कारतूस एवं एक जिंदा कारतूस जब्त किया है। पुलिस अंदाजा लगा रही है कि घटनाएं किसी को नुकसान पहुंचाने के लिए नहीं बल्कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने के लिए चलाई गई हैं।
बीना के बापट कॉम्प्लेक्स में चली गोली की जांच करते एफएसएल एक्सपर्ट।